Parliament Monsoon Session: : कॉकरोच जनता पार्टी के 'चलो संसद' मार्च पर दिल्ली हाई अलर्ट, संसद और जंतर-मंतर के चारों ओर सुरक्षा का कड़ा घेरा
CJP के मार्च से पहले दिल्ली पुलिस का सुरक्षा घेरा, जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर कड़ी निगरानी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर है। जंतर-मंतर से संसद तक सुरक्षा बढ़ाई गई, बैरिकेडिंग और भारी पुलिस तैनाती के बीच प्रदर्शन की तैयारी।
डिजिटल डेस्क । संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च है। पार्टी ने NEET में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को संसद की ओर मार्च का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर संसद भवन, जंतर-मंतर, सेंट्रल विस्टा और नई दिल्ली के कई संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल्ली पुलिस का साफ संदेश- मार्च की नहीं मिली अनुमति
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने 'चलो संसद' मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली है। पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने कहा कि नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है। ऐसे में बिना अनुमति जुलूस, प्रदर्शन या पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संसद से लेकर कनॉट प्लेस तक हाई सिक्योरिटी
पुलिस ने संसद मार्ग, जंतर-मंतर, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और अन्य संवेदनशील इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है, वाहनों की सघन जांच हो रही है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और रिजर्व फोर्स भी तैनात है।
NEET विवाद और सोनम वांगचुक के समर्थन से जुड़ा आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि उसका प्रदर्शन NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर है। इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को भूख हड़ताल के दौरान सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। अस्पताल से जारी संदेश में सोनम वांगचुक ने समर्थकों से बड़ी संख्या में 'चलो संसद' मार्च में शामिल होने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने लोगों से किसी भी अनधिकृत प्रदर्शन का हिस्सा न बनने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि संसद सत्र के दौरान किसी भी हाल में सुरक्षा व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
