हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई, पेश किए जा रहे तथ्य गलत... बृजभूषण सिंह बोले- निर्माण में मुस्लिम का भी रहा योगदान
प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले पूर्व सांसद, कहा- मंदिर निर्माण में मुस्लिम समाज के व्यक्ति का भी रहा योगदान
गोंडा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अयोध्या की हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई। उन्होंने दावा किया कि हनुमानगढ़ी के निर्माण में एक मुस्लिम व्यक्ति का भी योगदान रहा है। साथ ही उन्होंने श्रीराम मंदिर चंदा प्रकरण, सोनम वांगचुक के अनशन, जौहर यूनिवर्सिटी और अन्य समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
गोंडा, अमृत विचार। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि अयोध्या की हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई। इस संबंध में जो बातें कही जा रही हैं, वे तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग नमाज पढ़े जाने की बात उठा रहे हैं, उन्हें यह भी जानकारी होनी चाहिए कि हनुमानगढ़ी के निर्माण में एक मुस्लिम व्यक्ति का भी योगदान रहा है।
पूर्व सांसद गुरुवार को नवाबगंज स्थित नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कार्यक्रम में मनकापुर, छपिया, वजीरगंज और नवाबगंज ब्लॉक के हजारों मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी से जुड़े बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने की बात गलत है। उन्होंने कहा कि इतिहास में हनुमानगढ़ी के निर्माण में एक मुस्लिम व्यक्ति की भूमिका का भी उल्लेख मिलता है और इस संबंध में वहां शिलालेख भी मौजूद है।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह किसी व्यक्ति विशेष के बयान पर टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। श्रीराम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर उन्होंने कहा कि इस मामले का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कोई संबंध नहीं है।
लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन पर उन्होंने कहा कि उनकी बात अब पूरे देश और सरकार तक पहुंच चुकी है। ऐसे में उन्हें आंदोलन समाप्त कर सरकार के निर्णय की प्रतीक्षा करनी चाहिए। मौलाना जर्जिस के बयान और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कारसेवा के ऐलान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एक-दूसरे को चुभने वाली बातें कहने की प्रवृत्ति बढ़ी है।
ऐसे बयानों पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है। सपा नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के संबंध में उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है कि परिसर की कई इमारतों को अवैध बताया गया है। यदि निर्माण अवैध हैं तो प्रशासन अपने स्तर पर कार्रवाई कर रहा होगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा, "हर विषय पर बोलना जरूरी नहीं है। हमारे मन में बहुत कुछ हो सकता है, लेकिन केवल कह देने से चीजें नहीं हो जातीं।

1200 मेधावियों को प्रशस्ति-पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
नंदिनी नगर महाविद्यालय में युवा ज्ञान शक्ति संगम के तत्वावधान में आयोजित 'प्रतिभा सम्मान समारोह में नवाबगंज, वजीरगंज, मनकापुर और छपिया विकासखंड के 46 विद्यालयों के करीब 1200 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मेधावियों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है, जब उसके साथ अनुशासन, निरंतर परिश्रम और स्पष्ट लक्ष्य जुड़ा हो।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे जीवन में बड़ा सपना देखें और उसे पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से मेहनत करें।कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डॉ. नवीन सिंह ने किया। समारोह में ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज सुमित भूषण सिंह, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज पंकज सिंह, ब्लॉक प्रमुख झंझरी आशीष मिश्रा, नगर पालिका परिषद नवाबगंज के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।
