अयोध्या में विकास को नई रफ्तार: 1.91 करोड़ की लागत से तीन नई सड़कों का शिलान्यास, गांवों की बदलेगी तस्वीर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया शिलान्यास, तीन सड़क परियोजनाओं से किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ

अयोध्या। विकासखंड पूरा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने गुरुवार को करीब 1.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

इन परियोजनाओं के तहत मड़ना के सेवरा चौरा पक्की सड़क से बलुईया मांझा तक 1.580 किलोमीटर, दतौली में प्रह्लाद वर्मा के घर से नहर होते हुए बरौली-मड़ना संपर्क मार्ग तक 1.210 किलोमीटर तथा खानपुर पुरसाएं में राजेन्द्र प्रसाद तिवारी के घर से पकौड़ी हरिजन के घर तक 0.550 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए आवागमन आसान होगा और गांवों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत नींव होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से रोजगार, व्यापार और शिक्षा के अवसर भी बढ़ते हैं।

गन्ना समिति के चेयरमैन दीपेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव को गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर तिलकराम मौर्य, हरभजन गौड़, अरविन्द सिंह, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, राजेश पाठक, मंडल अध्यक्ष कपिल देव वर्मा, वरुण चौधरी, ओम प्रकाश यादव, अच्छे लाल निषाद, राघवेन्द्र पाण्डेय, दीपक सिंह 'गब्बर', मुन्ना दूबे, अभय सिंह बग्घी, प्रदीप सिंह, प्रह्लाद वर्मा, रामजीत निषाद, लोकेश तिवारी, आशीष मणि त्रिपाठी, रमन लाल कोरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यब भी पढ़ेंः अंतरिक्ष में PM मोदी के Handwritten letter के साथ जाएंगी तीन महान वैज्ञानिकों की मूर्तियां, विक्रम-1 के साथ इतिहास रचेगा 'मिशन आगमन'

संबंधित समाचार