LPL 2026 से पहले बड़ा बवाल! टी20 फ्रेंचाइजी का भारतीय मालिक गिरफ्तार, मैच फिक्सिंग जांच से टूर्नामेंट पर उठे सवाल
सीजन शुरू होने से कुछ घंटे पहले SIU की कार्रवाई, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जांच में सहयोग का दिया भरोसा; तय समय पर होगा पहला मुकाबला
कोलंबो।
लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 की शुरुआत से ठीक पहले टूर्नामेंट बड़े विवाद में घिर गया है। श्रीलंका की स्पोर्ट्स एंटी करप्शन यूनिट (SIU) ने भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर और जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक मनजोत कालरा को गिरफ्तार किया है। उन पर एक खिलाड़ी को कथित तौर पर घूस देने का आरोप है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब LPL 2026 का आगाज 17 जुलाई से हो रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पूरे टूर्नामेंट में हलचल मच गई है।
घटना के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने बयान जारी कर कहा कि वह मामले की जांच कर रही एजेंसियों को हरसंभव सहयोग देगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि क्रिकेट में भ्रष्टाचार, मैच फिक्सिंग या किसी भी प्रकार की अनियमितता के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SLC ने कहा- जांच में देंगे पूरा सहयोग
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि जाफना किंग्स के मालिक की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद बोर्ड और लंका प्रीमियर लीग प्रबंधन पुलिस जांच में हरसंभव सहयोग करेंगे। बोर्ड ने दोहराया कि क्रिकेट की निष्पक्षता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मैच फिक्सिंग या किसी भी तरह की बेईमानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कौन हैं जाफना किंग्स के मालिक?
इस सीजन से पहले 'स्पोर्ट्स कम्यून' कंपनी ने जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण किया था। कंपनी के मालिक मयंक गोयल और भारत की अंडर-19 टीम के पूर्व खिलाड़ी मनजोत कालरा हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गिरफ्तारी के बाद टीम मालिकों की पृष्ठभूमि जांच (Background Verification) पर भी सवाल उठ रहे हैं। पिछले दो वर्षों में यह तीसरा मौका बताया जा रहा है जब LPL से जुड़ी किसी फ्रेंचाइजी के मालिक पर भ्रष्टाचार या फिक्सिंग से जुड़े आरोपों में पुलिस कार्रवाई हुई है।
विजय शंकर भी खेलेंगे LPL 2026
LPL 2026 में भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कैंडी रॉयल्स के साथ करार किया है और इस सीजन खेलने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी होंगे। उनके साथ इंग्लैंड के मोईन अली और बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन भी इस टीम का हिस्सा हैं।
विजय शंकर से पहले इरफान पठान और मुनाफ पटेल वर्ष 2020 में इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं।
LPL डायरेक्टर ने दिया बड़ा बयान
LPL के डायरेक्टर सामंथा डोडनवेला ने कहा कि लीग भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग के मामलों को लेकर पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंका उन चुनिंदा देशों में शामिल है जहां खेल में फिक्सिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में सीधे कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का प्रावधान है।
तय समय पर होगा उद्घाटन मुकाबला
गिरफ्तारी के बावजूद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि LPL 2026 के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। 17 जुलाई को कोलंबो के SSC ग्राउंड पर जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच उद्घाटन मुकाबला तय समय पर खेला जाएगा।
यह भी पढ़ेंः लॉर्ड्स में रोहित-विराट रचेंगे ऐतिहासिक रिकॉर्ड! 400वां इंटरनेशनल मैच साथ खेलकर बनाएंगे नया कीर्तिमान
