Rohit Sharma at Lord's: लॉर्ड्स पर नहीं चला 'हिटमैन' का बल्ला, 5 इंटरनेशनल मैचों में कैसा रहा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड?

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं से बाहर होने की रिपोर्टों के बीच लॉर्ड्स में रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर टिकी नजरें, तीसरा वनडे बन सकता है बेहद अहम मुकाबला।

डिजिटल डेस्कः भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर हाल ही में आई रिपोर्ट ने उनके प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति ने उन्हें संकेत दिया है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की दीर्घकालिक योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि इस संबंध में बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन चर्चाओं के बीच भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे वनडे पर सभी की निगाहें टिक गई हैं।

रोहित शर्मा ने 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने उसी वर्ष टी20 अंतरराष्ट्रीय और 2013 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। 2024 में भारत को टी20 विश्व कप जिताने के बाद उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया, जबकि पिछले वर्ष टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। फिलहाल वह केवल वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

लॉर्ड्स में वनडे रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने अब तक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर 2 वनडे मुकाबले खेले हैं। इन दोनों पारियों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। एक मैच में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 15 रन बनाए।

टेस्ट में दिखाया दम

लॉर्ड्स में रोहित ने एक टेस्ट मैच खेला है। इस मैच की दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने 104 रन बनाए। पहली पारी में उनके बल्ले से 83 रन निकले, जिसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। यह लॉर्ड्स पर उनका सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन माना जाता है।

टी20 में भी नहीं चला बल्ला

लॉर्ड्स में रोहित शर्मा ने 2009 टी20 विश्व कप के दौरान दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वेस्टइंडीज के खिलाफ वह 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उनके बल्ले से केवल 9 रन निकले।

इस बार बड़ी पारी की उम्मीद

अब तक लॉर्ड्स पर रोहित शर्मा का रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। खासकर सीमित ओवरों के क्रिकेट में उन्होंने चार पारियों में कोई बड़ी पारी नहीं खेली। मौजूदा भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज में भी उनका प्रदर्शन साधारण रहा है। पहले मैच में उन्होंने 21 गेंदों पर 11 रन, जबकि दूसरे मुकाबले में 47 गेंदों पर 26 रन बनाए। ऐसे में तीसरे वनडे में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या 'हिटमैन' लॉर्ड्स में अपने रिकॉर्ड को बेहतर बना पाते हैं।

यह भी पढ़ेंः लॉर्ड्स में रोहित-विराट रचेंगे ऐतिहासिक रिकॉर्ड! 400वां इंटरनेशनल मैच साथ खेलकर बनाएंगे नया कीर्तिमान

संबंधित समाचार