महाकाल के दर्शन से लौट रहे सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत, पत्नी-बच्चों समेत चार घायल; हाईवे पर आगे चल रहे वाहन में घुसी कार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कानपुर के सचेंडी हाईवे पर तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, मृतक जवान की कोलकाता में थी तैनाती; फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

कानपुर: सचेंडी थाना क्षेत्र के हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवान की जान चली गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब परिवार उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर घर लौट रहा था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, ककवन क्षेत्र के जुड़ा निवादा गांव निवासी 36 वर्षीय अजय कुमार भारतीय सेना में कार्यरत थे और उनकी तैनाती वर्तमान में कोलकाता में थी। कुछ दिन पहले वह अवकाश पर घर आए थे। इसके बाद पत्नी पूजा, बेटी सोना और बेटे राघव के साथ महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए उज्जैन गए थे।

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार तड़के अजय कुमार उरई रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें लेने उनके छोटे भाई संदीप कार लेकर आए थे। पूरा परिवार कार से कानपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सचेंडी हाईवे पर ओरिएंट रिसॉर्ट के सामने कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक वाहन से पीछे जा टकराई।

हादसे में आगे की सीट पर बैठे अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार पत्नी, दोनों बच्चे और अन्य सदस्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे के बाद आगे चल रहा वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल बेटे राघव के पैर में गंभीर चोट आने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

यह भी पढ़ेंः डोपिंग नियमों के उल्लंघन में फंसे पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज, ICC ने तीन महीने के प्रदर्शन को रिकॉर्ड से हटाया

संबंधित समाचार