Sultanpur News : दिल्ली के चिकित्सक से 10.65 लाख लेकर गायब हुई अवॉर्ड कंपनी, सुलतानपुर में दर्ज कराया धोखाधड़ी का मुकदमा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले एक  सम्मान समारोह में शामिल कराने के नाम पर दस लाख पैसठ हजार रुपये लेने के बाद संपर्क तोड़ देने का मामला सामने आया है। चिकित्सक की शिकायत पर सुलतानपुर पुलिस ने संबंधित कंपनी और उसके प्रतिनिधियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड के नाम पर चूना लगाकर भागी कंपनी

नई दिल्ली के विपिन गार्डन निवासी डॉ. अभिनव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें प्राइम टाइम रिसर्च मीडिया प्रा. लि. की ओर से 13वे ग्लोबल आइकॉन अवार्ड 2025 समिट में भाग लेने का प्रस्ताव दिया गया था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को प्रतिष्ठित बताते हुए उनसे  सहभागिता शुल्क के रूप में 10 लाख 65 हजार रुपये जमा कराए। भुगतान कंपनी के बताए बैंक खाते में कर दिया गया। 

सम्मान समारोह के नाम पर बड़ा खेल

आरोप है कि धनराशि प्राप्त होने के बाद कंपनी की प्रोजेक्ट लीड स्नेहा समेत अन्य प्रतिनिधियों ने फोन कॉल, ई-मेल और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया। न तो कार्यक्रम से संबंधित कोई सेवा उपलब्ध कराई गई और न ही कई बार मांग करने के बावजूद रुपये वापस किए गए। उनका कहना है कि कई महीने बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

अब पुलिस ने इस कंपनी पर कसा शिकंजा

डॉ. अभिनव ने आशंका जताई है कि यह पेशेवर लोगों को निशाना बनाकर धन ऐंठने वाला सुनियोजित फर्जीवाड़ा हो सकता है और इसी तरीके से अन्य लोगों को भी ठगा गया होगा। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें :
Bahraich News : जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीण की बाघ के हमले में मौत, देर रात जंगल में मिला शव 
 

संबंधित समाचार