Shravasti News: मिशन 2027 से पहले बसपा में बड़ा एक्शन! हाजी ददन खान निष्कासित, बोले- जनसमर्थन से घबराकर रचा गया षड्यंत्र

Amrit Vichar Network
On

श्रावस्ती में बसपा ने भिनगा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हाजी ददन खान को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया है। ददन खान ने कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र बताया और कहा कि वह मामला मायावती के सामने रखेंगे। उन्होंने मिशन 2027 के तहत अपनी राजनीतिक सक्रियता जारी रखने का ऐलान किया है।

श्रावस्ती, अमृत विचार। मिशन 2027 की तैयारियों के बीच श्रावस्ती में बहुजन समाज पार्टी ने बड़ा सियासी कदम उठाया है। भिनगा विधानसभा सीट से वर्ष 2022 में बसपा प्रत्याशी रहे हाजी ददन खान को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने निष्कासन की वजह अनुशासनहीनता बताई है। कार्रवाई के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

संगठन की अनुमति के बिना प्रचार का आरोप

बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम के अनुसार, पार्टी संगठन की अनुमति के बिना स्वयं को विधानसभा का संभावित प्रत्याशी बताकर प्रचार करना और संगठन के निर्देशों का पालन नहीं करना अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इसी को आधार बनाकर हाजी ददन खान को पार्टी से निष्कासित किया गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हाजी ददन खान के किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने की फिलहाल उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

निष्कासन पर ददन खान बोले- राजनीतिक षड्यंत्र

पार्टी से बाहर किए जाने के बाद हाजी ददन खान ने कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे कथित राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि भिनगा विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग समाजों से उन्हें मिल रहे जनसमर्थन से कुछ राजनीतिक लोग घबरा गए हैं। इसी वजह से उनके खिलाफ षड्यंत्र कर कार्रवाई कराई गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें निष्कासन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। वह पूरे मामले को बसपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के सामने रखेंगे।

बोले- मिशन 2027 की तैयारी रहेगी जारी

हाजी ददन खान ने कहा कि पार्टी से निष्कासन के बावजूद वह भिनगा विधानसभा क्षेत्र में पहले की तरह सक्रिय रहेंगे और लोगों के सुख-दुख में उनके बीच पहुंचते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि मिशन 2027 के तहत उनकी तैयारी और सक्रियता जारी रहेगी। उन्होंने हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, दलित, ब्राह्मण, क्षत्रिय समेत सभी समाजों के लोगों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की।

विधानसभा पहुंचने पर उठाएंगे क्षेत्र की आवाज

ददन खान ने कहा कि यदि जनता उन्हें विधानसभा तक पहुंचाती है तो वह बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान और क्षेत्र की समस्याओं की आवाज विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने थाना, अस्पताल और क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का भरोसा भी दिया।

अगले सियासी कदम पर नजर

बसपा से निष्कासन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल हाजी ददन खान के अगले राजनीतिक कदम को लेकर है। फिलहाल उन्होंने किसी दूसरे दल में जाने की बात नहीं कही है, लेकिन उनके लगातार सक्रिय रहने के ऐलान के बाद भिनगा विधानसभा क्षेत्र की सियासत में आने वाले दिनों में और हलचल देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें:-Shravasti News : इकौना में तालाब की जमीन पर गरजा बुलडोजर, 9 कब्जाधारियों के अवैध निर्माण जमींदोज, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Lucknow News: लखनऊ में नशीली दवाओं के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 228 किलो माल बरामद; छह गिरफ्तार
Barabanki News : सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर, रामसनेहीघाट के कई गांवों में पहुंचा बाढ़ का पानीस फसलों को नुकसान
Krishna Janmashtami 2026 : लखनऊ के पुलिस थानों में जन्माष्टमी की धूम, पुलिस लाइन में गरजे CM योगी, कहा- आस्था मिटाने वाले मिट्टी में मिल गए
Raebareli News: ऊंचाहार एसडीएम विवेक राजपूत पर विजिलेंस का शिकंजा, 70.92 लाख की अननुपातिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज
Raebareli Flood: नैय्या नाले के उफान से गांवों में बाढ़, ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह; पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री