Amethi News : शौचालय के गड्ढे ने खोला जमीन का राज! अमेठी में मिट्टी के नीचे दबे मिले तांबे के 29 गोले, इलाके में मचा हड़कंप
सूचना पर पहुंची पुलिस-राजस्व टीम; सुरक्षित कराया गया स्थान
अमेठी के भनौली गांव में शौचालय के गड्ढे की खोदाई के दौरान मिट्टी में दबे तांबे के 29 गोले मिले हैं। पुलिस और राजस्व विभाग ने मौके को सुरक्षित करा दिया है। अब पुरातत्व विभाग की जांच के बाद ही इन वस्तुओं की उम्र और ऐतिहासिक महत्व का पता चलेगा।
मुसाफिरखाना (अमेठी) अमृत विचार। अमेठी जिले में मुसाफिरखाना के भनौली गांव में मंगलवार को शौचालय निर्माण के लिए गड्ढे की खोदाई के दौरान मिट्टी में दबे तांबे के 29 गोले मिलने से हड़कंप मच गया। धातु की वस्तुएं दिखाई देने पर मजदूर ने खोदाई रोककर इसकी जानकारी भूमि स्वामी को दी। भूमि स्वामी की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खोदाई वाले स्थान को सुरक्षित करा दिया।
कस्बा निवासी मो. इकबाल ने करीब तीन माह पहले भनौली गांव में एक व्यक्ति से भूमि का बैनामा कराया था। मंगलवार को इसी भूखंड पर प्रसाधन निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान मजदूर की नजर मिट्टी में दबे एक तांबे के गोले पर पड़ी। उसने उसे खुद निकालने के बजाय इसकी जानकारी भूमि स्वामी को दी। इसके बाद इकबाल ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार रामलखन वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच की तो कुल 29 गोलों की बरामदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद उच्चाधिकारियों और पुरातत्व विभाग को मामले की जानकारी दी गई। राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जमीन को सुरक्षित कराया। गोले मिलने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों को खोदाई वाले स्थान से दूर रखा और सुरक्षा बढ़ा दी।
पुरातत्व विभाग की जांच से खुलेगा राज
अधिकारियों ने बरामद वस्तुओं को सुरक्षित रखते हुए उनकी जांच पुरातत्व विभाग से कराने का निर्णय लिया है। वहीं एसडीएम रितेश राज ने बताया कि मामले की जानकारी पुरातत्व विभाग को दे दी गई है। विभाग की टीम बुधवार सुबह मौके पर पहुंचकर बरामद गोलों की जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये वस्तुएं कितनी पुरानी हैं और इनका कोई ऐतिहासिक या पुरातात्विक महत्व है या नहीं।
यह भी पढ़ें;- Barabanki News : महादेवा में पुलिस की सख्ती! बैरियर पर श्रद्धालुओं से नोकझोंक और धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
