Sultanpur News : नहाते समय बनाया अश्लील वीडियो, 20 हजार रुपये ऐंठे; मंगेतर को वीडियो भेजकर तुड़वाई शादी, दो पर केस
बंधुआकलां थाना क्षेत्र का मामला, युवती ने वीडियो वायरल करने की धमकी
सुलतानपुर के बंधुआकलां क्षेत्र में युवती ने दो युवकों पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, 20 हजार रुपये लेने और मंगेतर को वीडियो की जानकारी देकर शादी तुड़वाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुलतानपुर, अमृत विचारः बंधुआकलां थाना क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय युवती ने गांव के ही दो युवकों पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, रुपये ऐंठने और उसकी शादी तुड़वाने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के मुताबिक, कुछ माह पहले युवती घर में स्नान कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के मो. शफीक और चांद ने छिपकर उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद दोनों आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाने लगे। युवती के विरोध करने पर रास्ते में रोककर चाकू दिखाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मंगेतर को वीडियो की जानकारी देकर तुड़वाई शादी
युवती का आरोप है कि करीब दो माह पहले धमकी देकर उससे 20 हजार रुपये भी ले लिए गए। इसी बीच उसकी शादी 21 नवंबर को बल्दीराय थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हुई थी। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके मंगेतर को फोन कर युवती के फोटो और वीडियो होने की जानकारी दी, जिसके बाद रिश्ता टूट गया। शादी टूटने और लगातार धमकियों से परेशान युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सरोज को सौंपी है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।
