Instagram Love Story:, : प्रेमी संग घर से भागी 19 साल की युवती, स्टेशन पर शादी के बाद कुछ घंटे में मौत
बिहार के अररिया से प्रेमी के साथ पूर्णिया पहुंची थी युवती, पूर्णिया जंक्शन पर प्रेमी ने माथे में सिंदूर भरकर पत्नी बताया था
बिहार के पूर्णिया में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी ने शादी का रूप लिया, लेकिन कुछ घंटे बाद 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई. प्रेमी हिरासत में है और पुलिस मौत की वजह की जांच कर रही है.
डिजिटल डेस्क्, लखनऊ अमृत विचार : इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती करीब एक साल के प्रेम संबंध में बदल गई. परिवार ने युवती की शादी कहीं और तय की तो उसने प्रेमी के साथ घर छोड़ दिया. दोनों पूर्णिया पहुंचे और रेलवे स्टेशन परिसर में शादी करने का दावा किया. लेकिन इस नए रिश्ते की खुशी कुछ घंटे ही टिक सकी. मंदिर जाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद 19 वर्षीय युवती की अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र के बटरबाड़ी निवासी मनीषा कुमारी (19) के रूप में हुई है. वह बीए पार्ट-1 की छात्रा थी. पुलिस के मुताबिक, उसका करीब एक साल से अररिया के पलासी निवासी दिलखुश कुमार (20) से संबंध था. दिलखुश इंटरमीडिएट का छात्र है. दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और बातचीत के दौरान दोनों करीब आए.
परिवार ने दूसरी जगह तय की शादी तो घर छोड़ दिया
बताया गया कि मनीषा के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी. वह इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी. इसके बाद उसने दिलखुश के साथ घर छोड़कर नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया. पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को सुबह करीब 11.30 बजे दिलखुश मनीषा को अररिया से लेकर निकला. दोनों दोपहर करीब दो बजे पूर्णिया जंक्शन पहुंचे. स्टेशन परिसर में दोनों ने शादी करने का दावा किया. बताया गया कि वहां किसी तरह की शादी की रस्म नहीं हुई. दिलखुश ने मनीषा की मांग में सिंदूर भरा और उसे अपनी पत्नी बताया. बाद में उसने शादी की तस्वीर इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट की.
मंदिर जाते समय बिगड़ी तबीयत
शादी के कुछ घंटे बाद दोनों पूर्णिया के सिटी काली मंदिर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रामबाग के पास मनीषा ने तेज चक्कर आने की शिकायत की. देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ गई. दिलखुश ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे सड़क किनारे बैठाया और इलाज के लिए जीएमसीएच, पूर्णिया पहुंचाया. अस्पताल में इलाज के दौरान मनीषा की मौत हो गई.
इंस्टाग्राम पोस्ट से परिवार को मिली शादी की जानकारी
मनीषा के भाई के मुताबिक, उसके घर से जाने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे. इसी दौरान इंस्टाग्राम पर दिलखुश की ओर से शादी की तस्वीर पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली. परिवार के लोग दिलखुश के घर भी पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें वापस लौटा दिया गया. बाद में दिलखुश के दोस्तों ने परिवार को मनीषा की मौत की जानकारी दी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलने पर केहाट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दिलखुश को हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है. केहाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के मुताबिक, पुलिस अररिया से दोनों के निकलने, पूर्णिया जंक्शन पहुंचने, वहां शादी करने और मंदिर जाते समय मनीषा की तबीयत बिगड़ने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है. मनीषा की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
