Shravasti News : गोरखपुर तक दौड़ेगा बाराबंकी-बहराइच फोरलेन? दद्दन मिश्र ने गडकरी के सामने रखा बड़ा प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
On

श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर तक सड़क विस्तार का प्रस्ताव

पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बाराबंकी-बहराइच प्रस्तावित फोरलेन को श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर तक बढ़ाने की मांग की। उन्होंने धार्मिक पर्यटन और आर्थिक विकास के लिए सड़क विस्तार को महत्वपूर्ण बताया।

श्रावस्ती, अमृत विचार: पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान बाराबंकी-बहराइच प्रस्तावित फोरलेन हाईवे को आगे श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर तक विस्तारित करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन व आर्थिक महत्व से अवगत कराया।

पूर्व सांसद ने पत्र में कहा कि बाराबंकी-बहराइच फोरलेन मार्ग को यदि श्रावस्ती, बलरामपुर व सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर से जोड़ा जाए तो इससे पूर्वांचल के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार व कारोबार के अवसर भी बढ़ेंगे।

श्रावस्ती भगवान बुद्ध की तपोस्थली होने के कारण देश-विदेश के बौद्ध अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण स्थल है। वहीं बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध देवीपाटन मंदिर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से पर्यटन को नई गति मिल सकती है।

प्रस्तावित विस्तार से श्रावस्ती व बलरामपुर के साथ सिद्धार्थनगर व गोरखपुर को भी बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ सकेगा। इससे कृषि, व्यापार व अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

संबंधित समाचार