Sultanpur News : चालकों ने भरी हुंकार, मांगों को लेकर किया प्रदर्शन; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
On

वाहन चालक कल्याण समिति ने तिकोनिया पार्क से कलेक्ट्रेट तक किया प्रदर्शन

सुलतानपुर में वाहन चालक कल्याण समिति ने चालकों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और अधिकारों को लेकर प्रदर्शन किया। समिति ने मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम सदर को सौंपा। इसमें हादसे में चालक की मौत पर 25 लाख रुपये मुआवजा, परिवार को पेंशन, बच्चों को निशुल्क शिक्षा-चिकित्सा और राष्ट्रीय चालक आयोग के गठन समेत कई मांगें शामिल हैं।

सुलतानपुर, अमृत विचार : वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के पदाधिकारियों ने बुधवार को चालकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम सदर को सौंपा गया।

ज्ञापन में चालकों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाने की मांग की गई। समिति ने समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्वतंत्र राष्ट्रीय चालक आयोग गठित करने और चालकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून लागू करने की मांग रखी।

सड़क दुर्घटना में चालक की मृत्यु पर परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पत्नी को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन तथा बच्चों को निशुल्क शिक्षा और चिकित्सा सुविधा देने की मांग की गई। दुर्घटना में दिव्यांग होने पर 15 लाख रुपये की सहायता, पांच हजार रुपये मासिक पेंशन और उपचार का खर्च सरकार द्वारा वहन करने की मांग भी शामिल है।

संविदा चालकों को स्थायी करने, भारी मालवाहक वाहनों में दो चालकों की व्यवस्था, व्यावसायिक चालकों के आयुष्मान कार्ड को ड्राइविंग लाइसेंस से जोड़ने और चालकों के लिए आश्रय स्थल बनाने की मांग की गई। शराब की दुकानों को मुख्य मार्ग से दो किलोमीटर दूर करने और शोषण-भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन शुरू करने की मांग भी उठाई गई।प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष गुलाम गौस मंसूरी, जिला प्रबंधक रवि तिवारी, जिला मंत्री वली अहमद, मीडिया प्रभारी अशोक सिंह, अनिल धुरिया और विजय यादव मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Brij Bhushan Sharan Singh : रेपिस्ट बताकर इतना अपमान किया, इससे अच्छा गोली मार देते, आरोपों से बरी होने के बाद छलका पूर्व सांसद का दर्द

संबंधित समाचार