Sitapur News: BJP विधायक ज्ञान तिवारी ने बेटी संग जारी किया भावुक वीडियो, दामाद पर लगाए गंभीर आरोप, देखें Video
सेउता विधायक ने दामाद के लिए फांसी की सजा की मांग की, ठगी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए
सीतापुर की सेउता विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने बेटी के साथ वीडियो जारी कर अपने दामाद पर ठगी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने दामाद के लिए फांसी की सजा की मांग भी की।
सीतापुर, अमृत विचार। महाराष्ट्र में करोड़ों रुपये की कथित ठगी और महिलाओं से यौन शोषण के मामले में सेवता विधायक ज्ञान तिवारी के समधी अनुज त्रिवेदी की गिरफ्तारी के बाद यह मामला अब उत्तर प्रदेश में भी तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को महाराष्ट्र और प्रयागराज से आईं कुछ पीड़िताओं ने सीतापुर पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी की संपत्ति कुर्क करने और उसके बेटे की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। इसी बीच भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपनी बेटी के साथ सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर दामाद और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िताओं ने एडीएम से की संपत्ति कुर्क करने की मांग
जानकारी के मुताबिक, मामला करोड़ों रुपये की कथित ठगी और कई महिलाओं को झांसे में लेकर उनके यौन शोषण से जुड़ा है। इस मामले में पिछले महीने महाराष्ट्र पुलिस ने मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के चन्द्रावल गांव निवासी अनुज त्रिवेदी को गिरफ्तार किया था। शिकायत में उनके पुत्र का नाम भी सामने आया है।
गुरुवार को महाराष्ट्र और प्रयागराज से आईं चार पीड़िताओं ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आयुष चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अनुज त्रिवेदी की संपत्ति कुर्क करने और उसके पुत्र की संलिप्तता की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
'हमें सच्चाई का पता नहीं था'- ज्ञान तिवारी
मामले के तूल पकड़ने के बाद सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने फेसबुक पर बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले उनकी बेटी का विवाह अनुज त्रिवेदी के पुत्र प्रखर त्रिवेदी से हुआ था। भावुक होते हुए विधायक ने कहा कि विवाह के समय उन्हें इस परिवार के बारे में ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी नहीं थी। यदि उन्हें पहले सच्चाई का पता होता तो वह यह रिश्ता कभी नहीं करते।
जरूरत पड़ी तो मैं भी दर्ज कराऊंगा मुकदमा
ज्ञान तिवारी ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह स्वयं भी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
दामाद के खिलाफ फांसी की मांग
वायरल वीडियो में विधायक ने अपने दामाद पर ठगी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपितों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। वीडियो में वह दामाद के लिए फांसी की सजा की मांग करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
ज्ञान तिवारी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उनकी बेटी भी मौजूद है, जो पूरे घटनाक्रम के दौरान भावुक दिखाई देती हैं। फिलहाल दामाद प्रखर त्रिवेदी या उसके परिवार की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस या जांच एजेंसियों की ओर से भी विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
जांच के बाद ही तय होगी जिम्मेदारी
मामले में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन उनकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और संबंधित एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। आरोपों और कानूनी कार्रवाई को लेकर अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
