Sultanpur Road Accident: वाराणसी से अयोध्या जा रही टूरिस्ट बस हादसे का शिकार, 12 श्रद्धालु घायल, पांच की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सुलतानपुर के लम्भुआ क्षेत्र में वाराणसी से अयोध्या जा रही मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए, जिनमें पांच को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

लंभुआ,सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में करीब एक दर्जन दर्शनार्थी घायल हो गए, जबकि पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मदनपुर पनियार गांव के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार (पांडेपुर) गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लम्भुआ पहुंचाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया।

Sultanpur Road Accident (1)

बस में चालक समेत 15 लोग थे सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। यात्रियों में दो बच्चे भी शामिल थे। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं और अयोध्या में दर्शन के लिए जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी।

Sultanpur Road Accident (3)

पांच श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल किया गया रेफर

सीएचसी लम्भुआ में प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी लम्भुआ मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। वहीं एडिशनल एसपी ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक मौजूद रहे। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।

Sultanpur Road Accident

राजस्व विभाग भी पहुंचा मौके पर

दुर्घटना की रिपोर्ट तैयार करने के लिए नायब तहसीलदार अभय राजपाल समेत राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों की जानकारी जुटाई।

फिलहाल पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार