क्यों खास है बिहार का श्रावणी मेला, सावन में बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम के दर्शन को आते है श्रद्धालु

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

श्रावणी मेला 2026: बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम बराबर में भव्य शुभारंभ, शिवभक्ति में डूबे श्रद्धालु

जहानाबाद के ऐतिहासिक बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम बराबर में श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। सावन के मौके पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

जहानाबाद। सावन के पावन महीने में शिवभक्ति की अद्भुत छटा के बीच ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के केंद्र बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में गुरुवार को श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पूरे धाम में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

श्रावणी मेले का उद्घाटन बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री एवं जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा ख़ान और खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि भगवान भोलेनाथ की महिमा पर आधारित शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इसके बाद मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ का विधिवत जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। सभी ने राज्य और जिले की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। बिहार गीत की प्रस्तुति के बाद फीता काटकर श्रावणी मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया।

श्रावणी मेले के दौरान बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि हर शिवभक्त अपनी आस्था के इस महापर्व को सहज और सुरक्षित तरीके से संपन्न कर सके।

ये भी पढ़ें : 
Railway Recruitment Rules : अब बीमारी की पूरी जानकारी देना होगा जरूरी, मेडिकल से पहले देना होगा Self-declaration

संबंधित समाचार