Bareilly News : घर बैठे होंगे नगर निगम के काम, 18 सेवाएं होंगी ऑनलाइन
कोटक महिंद्रा बैंक ने दिया प्रेजेंटेशन, ऑफलाइन काउंटर की सुविधा भी रहेगी, प्रॉपर्टी टैक्स, जन्म प्रमाण पत्र समेत कई सेवाएं होने से लोगों की भागदौड़ होगी कम
बरेली नगर निगम वाराणसी की तर्ज पर सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने जा रहा है। कोटक महिंद्रा बैंक के सहयोग से अब प्रॉपर्टी टैक्स, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सहित 18 सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी। ताज़ा न्यूज़ के लिए पढ़ें अमृत विचार।
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने जनता को बड़ी राहत देते हुए 18 प्रमुख नॉन-टैक्स सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने का फैसला लिया है। नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स, टेंडर फीस और विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत जल्द ही लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने के साथ ही फीस जमा कर सीधे वेबसाइट से सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
इस आधुनिक व्यवस्था को लागू करने की जिम्मेदारी बरेली की सिविल लाइंस स्थित कोटक महिंद्रा बैंक को सौंपी गई है, जिसके प्रतिनिधि भूपेंद्र उपाध्याय ने दो दिन पहले अधिकारियों के समक्ष सॉफ्टवेयर और पूरी प्रक्रिया का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। अधिकारियों का दावा है कि वाराणसी के बाद बरेली प्रदेश का ऐसा दूसरा नगर निगम बनने जा रहा है, जहां यह अत्याधुनिक सिंगल विंडो सिस्टम शुरू हो रहा है। हालांकि, जो लोग डिजिटल माध्यम का उपयोग नहीं कर सकते, उनके लिए नगर निगम परिसर में ऑफलाइन सिंगल विंडो काउंटर पहले की तरह काम करते रहेंगे।

ऑनलाइन पोर्टल पर मिलेंगी ये प्रमुख सेवाएं
जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र शुल्क, दुकान किराए का डायनामिक क्यूआर भुगतान, लाइसेंस फीस, विज्ञापन कर, पालतू कुत्तों का पंजीकरण, ठेकेदार पंजीकरण शुल्क, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुल्क और पार्किंग ठेका फीस शामिल हैं। इसके अलावा सिनेमा टैक्स, रोड कटिंग शुल्क, वाटर डिस्कनेक्शन चार्ज और जुर्माना/पेनाल्टी फीस भी लोग आसानी से घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : कमर्शियल गैस सिलेंडरों की मांग में 50% की गिरावट, घरेलू गैस की कालाबाजारी का अंदेशा
