CM योगी 20 जुलाई को करेंगे लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर संवरेगा बाराबंकी का धाम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर बाराबंकी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर परियोजना से श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

रामनगर (बाराबंकी)। बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर के शिलान्यास को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शासन स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और 20 जुलाई को मुख्यमंत्री के बाराबंकी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जा रहे लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।

MUSKAN  (14)

प्रशासन और पुलिस ने संभाली तैयारियों की कमान

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने महादेवा धाम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड, वीआईपी प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भाजपा संगठन भी तैयारियों में जुटा

मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा 'भुल्लन' की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा के साथ विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

आधुनिक सुविधाओं से विकसित होगा महादेवा धाम

महादेवा कॉरिडोर परियोजना के तहत लोधेश्वर महादेवा धाम में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना में बेहतर आवागमन, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित है।

MUSKAN  (15)

धार्मिक पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है।

परियोजना पूरी होने के बाद श्री लोधेश्वर महादेव धाम को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख धार्मिक स्थलों में विकसित करने का लक्ष्य है। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आगमन की संभावना बढ़ेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन, स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ेंः भारत के निजी स्पेस मिशन का सबसे बड़ा इम्तिहान! आज विक्रम-1 की लॉन्चिंग से रचेगी इतिहास, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

संबंधित समाचार