Sitapur News : मां ने शराब पीने से रोका तो बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर कर दी हत्या, गांव में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव की घटना, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू

सीतापुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बेनियापुर गांव में शराब पीने से रोकने पर एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शराब की लत बनी हत्या की वजह

पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, बेनियापुर निवासी सावित्री देवी (65) पत्नी स्वर्गीय लालजी अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। बताया गया कि त्रिभुवन शराब का आदी था। वह कोई काम-धंधा नहीं करता था और आए दिन शराब के नशे में घर पहुंचकर अपनी मां से विवाद करता था। ग्रामीणों का कहना है कि वह पहले भी कई बार अपनी बुजुर्ग मां के साथ मारपीट कर चुका था।

65

डंडे से किए ताबड़तोड़ वार

शनिवार सुबह त्रिभुवन शराब के नशे में घर पहुंचा। इस दौरान मां सावित्री देवी ने उसे शराब पीने से मना किया और समझाने का प्रयास किया। इससे नाराज होकर आरोपी ने घर में रखा भारी डंडा उठाया और मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट लगने से सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

एएसपी बोले- मुकदमा दर्ज कर की जा रही कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह ने बताया कि शराब पीने का विरोध करने पर युवक द्वारा अपनी मां की पीटकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार