Sultanpur News : प्राथमिक विद्यालय परिसर में खेल उपकरण से लटका मिला अधेड़ का शव, पुलिस जांच में जुटी

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

बल्दीराय थाना क्षेत्र के दौनौ गांव की घटना, फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय परिसर के ओपन जिम से 59 वर्षीय महेश कुमार तिवारी का शव लटका मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा।

बल्दीराय (सुलतानपुर)। सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र की वलीपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सभा दौनौ स्थित प्राथमिक विद्यालय पूरे जमादार में शनिवार को एक अधेड़ का शव खेल उपकरण (ओपन जिम) से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान महेश कुमार तिवारी (59 वर्ष) पुत्र हौसिला प्रसाद तिवारी, निवासी पूरे भोला तिवारी के रूप में हुई। घटना की जानकारी परिजनों ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही थाना बल्दीराय से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना बल्दीराय के उपनिरीक्षक रामविलास यादव ने डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मौके पर फॉरेंसिक टीम ने मृतक के कुछ कपड़े तथा  मफलर  को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को  पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार