डिजिटल डकैतों का 'एनकाउंटर' करती फिल्म साइलेंट क्राइम्स... कानपुर कमिश्नरेट की पहल पर बनी इस फ़िल्म की हुई स्क्रीनिंग, जानिए क्यों है महत्वपूर्ण
साइबर क्राइम पर जागरूक करेगी 'साइलेंट क्राइम्स', प्रीमियर में अन्नू कपूर बोले- कमर्शियल फिल्मों से बेहतर
साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर तैयार की गई शॉर्ट फिल्म 'साइलेंट क्राइम्स' का शनिवार को रेव-3 सिनेमा हॉल में प्रीमियर शो आयोजित किया गया। इस मौके पर अभिनेता अन्नू कपूर समेत जनप्रतिनिधि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
विशेष संवाददाता/कानपुर। साइबर क्राइम पर जागरूक करती और इससे बचाव के तरीके बताती कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर बनी शार्ट फ़िल्म साइलेंट क्राइम्स का शनिवार को रेव-थ्री के सिनेमा हाल में प्रीमियर शो हुआ। इस मौके पर अभिनेता अन्नू कपूर भी मौजूद रहे । फ़िल्म का संदेश है डर, लालच और लापरवाही के चलते लोग साइबर क्रिमिनल का शिकार बनते हैं। सतर्क हैं तो बचे रहेंगे।
कथानक के जरिये दिखाया गया बेटी की बारात दरवाजे पर है, जश्न चल रहा है और इसी बीच पता चलता है कि साइबर क्राइम के शिकार उसके माता-पिता आत्महत्या कर लेते हैं। इस मामले का पर्दाफाश करने की जिम्मेदारी साइबर सेल के दारोगा करतार सिंह को सौंपी जाती है और फिर तकनीक की मदद से वह जाल बिछाकर अपराधी को दबोच लेते हैं। दारोगा करतार सिंह के किरदार में अन्नू कपूर ने शानदार अभिनय किया।
पुलिस कमिश्नर का रोल कानपुर में तैनात एसीपी आनंद ओझा ने निभाया। एसीपी शिवा सिंह ने संदेश दिया कि किस तरह तत्काल सूचना देकर न सिर्फ साइबर अपराधी को पकड़ा जा सकता है, बल्कि ठगी गई रकम भी वापस पाई जा सकती है। इस फ़िल्म में यह भी दिखाया गया कि किस तरह ज्यादातर पुलिस वाले कम्प्यूटर अपरेट करने और तकनीक सीखने से अक्सर कतराते हैं, लेकिन जब जिम्मेदारी वहन करते हैं तो बड़ी सफलता प्राप्त करते और शाबाशी पाते हैं।

यानि तकनीक से बचो नहीं, सीखो और सफलता के शिखर पर पहुंचो, अपना और अपराध का शिकार बने लोगों की मदद करो। इस फ़िल्म का यह भी संदेश है कि यदि पुलिस चाह ले और टीम भावना हो तो अपराधी बच नहीं सकता। इस फ़िल्म में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह कहते दिखते हैं कि अब हर जिले में साइबर डेस्क है और पुलिस को इस अपराध से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है l फ़िल्म की शूटिंग कानपुर के गंगा बैराज, कोतवाली, पुलिस लाइन, पुलिस कमिश्नर मुख्यालय और अन्य स्थानों की है। फ़िल्म में संवेदना, हास्य और गंभीरता है।
निर्देशक धीरज की मेहनत दिख रही है। मुशताक खान, अलका अमीन, नीरज सूद और मनोज टाइगर ने भी अपने किरदार से न्याय किया है। मनोज तिवारी का गाया गाना साइबर क्राइम पर जागरूक करता है। पुलिस कमिश्नर रघुवीरलाल ने कहा कि यह शार्ट फ़िल्म लोगों को जागरूक करने के साथ पुलिस टीम को अपराधियों की धरपकड़ के लिए प्रेरित करेगी। इस मौके पर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, अरुण पाठक, अमिताभ वाजपेई, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद, टी-20 क्रिकेट के चेयरमैन संजय कपूर, नीतू सिंह, डॉ. नंदनी, सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष महेशचंद जैन, रामकिशोर मिश्र सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कानपुर और कनपुरिये, दोनों शानदार..
शार्ट फ़िल्म 'साइलेंट क्राइम्स' की स्क्रीनिंग समारोह में बतौर मुख्य अथिति मौजूद अभिनेता अन्नू कपूर ने कानपुर और यहां के लोगों की खूब तारीफ की l कहा कि जनता को जागरूक करती यह फ़िल्म कई कमर्शियल फिल्मों पर भारी है और इसका प्रीमियर शो बेहद भव्य है। उन्होंने कहा कि इस फ़िल्म के लिए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पुलिस प्रशंसा की पात्र है।
यहां शूटिंग के दौरान शानदार अनुभव रहे। एसीपी आनंद ओझा के दमदार अभिनय को देखकर महसूस हुआ वह बेहतरीन अभिनेता भी हैं। यह शहर और यहां के लोग शानदार हैं। यह फ़िल्म तमाम कामर्शियल फिल्मों से भारी है, क्यूंकि यह साइबर क्राइम से जागरूक करती है, जो आज की ज़रूरत है। इस फ़िल्म का जितना प्रचार हो, उतना ही लाभ समाज को होगा। अन्नू कपूर ने बताया कि वह भी साइबर अपराध का शिकार हो चुके हैं, लेकिन पुलिस और शुभचिंतकों की मदद से पैसा वापस मिल गया।
