राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : चंपत राय के समर्थन में उतरे संत महंत, बैठक कर दी क्लीन चिट
बोले गोविंद देव गिरी की भी है जवाबदेही, इस्तीफा नामंजूर करने की अपील
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या के साधु संतों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर लग रहे आरोप को खारिज करते हुए उन्हें क्लीन चिट दी। साथ ही छह जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय के द्वारा दिए इस्तीफे को नामंजूर करने की भी अपील भी की।
अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या के साधु संतों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर लग रहे आरोप को खारिज करते हुए उन्हें क्लीन चिट दी। साथ ही छह जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय के द्वारा दिए इस्तीफे को नामंजूर करने की भी अपील भी की।
अयोध्या में प्राचीन हजारा मंदिर में शनिवार को संतों ने बैठक की। जिसके बाद पत्रकार वार्ता करते हुए चंपत राय का समर्थन किया है। घटना में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी को भी जिम्मेदार ठहराया। हिंदू धाम के पीठाधीश्वर राघवेश दास वेदांती ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से संतों ने आग्रह किया है कि अभी जांच चल रही है। इसलिए चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार नहीं करना चाहिए। कहा कि वित्त की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष की होती है। इसके लिए गोविंद देव गिरी को भी जिम्मेदार ठहराना चाहिए।
महंत वैदेही बल्लभ शरण ने बताया कि राम मंदिर में हुई चोरी की घटना हुई है। जिस पर एसआईटी की जांच हो रही है। उससे पहले किसी एक व्यक्ति पर आरोप लगे यह सही नहीं है। जानकी रमनकुंज के महंत ऋषि दास ने कहा कि अभी जांच चल रही है। इसमें जो भी दोषी आएगा। उसे दंड जरूर मिलेगा। बैठक में महंत शशिकांत दास, महंत सीताराम दास, महंत प्रेम शंकर रामायणी, महंत राजीव लोचन शरण समेत अन्य संत महंत मौजूद रहे।
अखिलेश यादव का आदमी है टिन्नू : अवधेश दास
राम मंदिर चढ़ावा मामले में बड़ा भक्त माल के महंत अवधेश दास ने आरोपी टिन्नू को लेकर बड़ा दावा किया है। कहा कि चंपतराय ने उस पर विश्वास किया, लेकिन किसी को क्या पता कि वह अखिलेश यादव का आदमी है। कहा कि एसआईटी इस मामले में जांच कर रही है, जल्द ही चंपतराय को क्लीन चिट मिलेगी। संस्थान में कोई भी आकर अनैतिक कार्य कर जाए तो चंपत राय ही बदनाम होंगे। जब कि वह ऐसा कार्य नहीं कर सकते हैं।
चढ़ावा चोरी की भनक नहीं थी चंपत राय को : संजय दास
हनुमानगढ़ी के संत संजय दास ने भी चंपत राय का समर्थन करते हुए कहा कि उनके इस्तीफे का कोई मतलब नहीं है। भगवान श्रीराम 500 सालों से विवादों में रहे, उसके बाद मंदिर बना व प्रतिष्ठित हुए। इसके लिए ट्रस्ट का गठन हुआ, पदाधिकारी चयनित किए गए। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ऐसा कार्य नहीं कर सकते हैं। जो कर्मचारी है यह सब उन्हीं लोगों के द्वारा किया गया है। जिसकी भनक चंपत राय को भी नहीं थी।
पहले दिन से चल रहा था खेल : बृजभूषण
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस मामले में पहले ही पूरी जानकारी दे चुका हूं। चार साल पहले ही कई बातें बोली थी। उसके बाद से राम मंदिर में दर्शन करने के लिए नहीं गए। क्योंकि यहां पहले दिन से खेल चल रहा था। कहा कि भगवान सब देख रहे हैं, दोषियों को वहीं दंड देंगे।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष ने गोपाल राव पर लगाए आरोप
राम मंदिर दान गबन मामले पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने मंदिर की व्यवस्था देख रहे गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा ट्रस्ट ने गोपाल राव को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है, मंदिर के बॉयलाज के मुताबिक विशेष आमंत्रित सदस्य को प्रबंधन कार्य नहीं दिया जाएगा। इसके बावजूद जिम्मेदार लोगों ने उन्हें प्रबंधन का कार्य दिया। वह शनिवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने जमीन व आभूषण आदि चोरी के मामले उठाते हुए कहा कि आखरी दम तक न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
