Ballia News: गो तस्करों से सांठगांठ के आरोप में छह पुलिसकर्मी निलंबित
बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गो तस्करी के मामले में तस्करों से मिलीभगत के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
बलिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि बलिया शहर कोतवाली में तैनात आरक्षी मुकेश कुमार, रिंकू गुप्ता व अमन सिंह तथा दुबहर थाने के मुख्य आरक्षी मनोज कुमार, दिनेश विश्वकर्मा एवं आरक्षी आलोक सिंह को गो तस्करों से संलिप्तता के आरोप में शनिवार को निलंबित किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
एसपी ने बताया कि पिछले दिनों गो तस्करों के वाहन पकड़े गए थे। ट्रैप करने पर कुछ पुलिसकर्मियों की गतिविधियां संदिग्ध लगी। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में मिलीभगत का खुलासा हुआ। गो तस्करी में संलिप्तता पाए जाने पर इन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले गो तस्करों से सांठगांठ की शिकायत पर 17 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर (पुलिस लाइन से संबद्ध) किया गया था।
यह भी पढ़ेंः समाज की बंदिशों के आगे हारे दो दिल: हरदोई में प्रेमी युगल ने दी जान, गांव में पसरा सन्नाटा
