LDA Recruitment 2026: प्रवर्तन तंत्र होगा मजबूत, आउटसोर्सिंग से भर्ती होंगे जूनियर इंजीनियर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ। शहर में अवैध निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अपने प्रवर्तन तंत्र को और मजबूत करने जा रहा है। इसके तहत प्राधिकरण आउटसोर्सिंग के माध्यम से 50 जूनियर इंजीनियरों की नियुक्ति करेगा। आवश्यकता के अनुसार इन इंजीनियरों की तैनाती प्रवर्तन के सभी सात जोन में की जाएगी।

शनिवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण शहर का दायरा और आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी और अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए प्रवर्तन व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी हो गया है।

उपाध्यक्ष ने बताया कि अतिरिक्त जूनियर इंजीनियरों की तैनाती से प्रत्येक प्रवर्तन जोन में निरीक्षण, निगरानी और कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन पदों पर भर्ती आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रवर्तन कार्यों में मैनपावर की कमी दूर होगी और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

यह भी पढ़ेंः BSNL JTO Recruitment 2026: बीएसएनएल में जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर के पदों पर बंपर भर्ती, फ्रेशर्स को भी मिलेगा मौका

संबंधित समाचार