Bahraich Encounter : बहराइच में दो पुलिस मुठभेड़ों में 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच। जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बहराइच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुई दो मुठभेड़ों में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 जून को थाना बौंडी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान असलम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके साथी फिरोज और मुल्कराज फरार हो गए थे। तभी से दोनों की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही थी।

शनिवार देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना रामगांव पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी चोरी का सामान और हथियार लेकर मोटरसाइकिल से भकला-गोपालपुर मार्ग की ओर आ रहे हैं। अकिलापुर चौराहे के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि मुल्कराज अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

फिरोज के पास से चोरी का सामान और हथियार बरामद

गिरफ्तार फिरोज के कब्जे से पुलिस ने 2,040 रुपये नकद, सोने के झाले, मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया। पूछताछ में उसने फरार साथी मुल्कराज के बारे में जानकारी दी।

कुछ घंटों बाद मुल्कराज भी मुठभेड़ में गिरफ्तार

फरार मुल्कराज की तलाश के दौरान क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना कैसरगंज पुलिस ने रुकनापुर तिराहे के पास चेकिंग शुरू की। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने पर उसने भी पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुल्कराज के पास से 10 बिछुए, 2,400 रुपये नकद, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि फिरोज और मुल्कराज दोनों थाना बौंडी के हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी सहित दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार