UP Smart Meter Update: यूपी के 2.96 लाख स्मार्ट मीटरों का डेटा गायब! क्या आपका बिजली बिल भी प्रभावित है? जानिए पावर कॉरपोरेशन का पूरा अपडेट
RDSS योजना के तहत लगे स्मार्ट मीटर, तकनीकी दिक्कतों से लाखों उपभोक्ताओं का डेटा नहीं हो सका उपलब्ध
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने स्मार्ट मीटरों की बिलिंग से जुड़े ताज़ा आंकड़े जारी किए हैं। कॉरपोरेशन के अनुसार, केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत प्रदेश में अब तक कुल 89.67 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
जून माह के दौरान 86.26 लाख उपभोक्ताओं को पोस्टपेड बिजली बिल एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए हैं। वहीं, करीब 45 हजार नए उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर प्रणाली से जोड़ा गया है, जिनका पहला बिजली बिल जुलाई में जारी किया जाएगा।
हालांकि, 2.96 लाख स्मार्ट मीटरों का डेटा उपलब्ध नहीं हो सका है। पावर कॉरपोरेशन के मुताबिक, इसका प्रमुख कारण संचार (कनेक्टिविटी) स्थापित न होना और अन्य तकनीकी खामियां हैं। इन उपभोक्ताओं तक भी एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए बिल पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
कॉरपोरेशन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर सही और अपडेट रखें, ताकि बिजली बिल समय पर प्राप्त हो सके। यदि किसी उपभोक्ता को बिल प्राप्त करने में कोई समस्या आती है, तो वह हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर अपना बिल प्राप्त कर सकता है।
यह भी पढ़ेंः Lucknow Cold Storage Fire: चिनहट के कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप; दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
