भारत पहुंचे 'Fast & Furious' स्टार टायरेस गिब्सन, मंदिर में की आरती और शिवलिंग पर चढ़ाया दूध; बोले- 'इस यात्रा ने जिंदगी बदल दी
हॉलीवुड अभिनेता ने भारत दौरे को बताया आध्यात्मिक अनुभव, महात्मा गांधी और डॉ. मार्टिन लूथर किंग जूनियर का भी किया जिक्र
मुंबईः हॉलीवुड अभिनेता और सिंगर टायरेस गिब्सन इन दिनों भारत दौरे पर हैं। 'फास्ट एंड फ्यूरियस' फ्रेंचाइजी के स्टार ने अपनी इस यात्रा को एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। 27 जून को साझा की गई पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह भारत एक पर्यटक के रूप में नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक विकास की तलाश में आए हैं।
मुंबई स्थित एक मंदिर की यात्रा के दौरान टायरेस गिब्सन को शिवलिंग पर दूध अर्पित करते और आरती करते हुए देखा गया। उन्होंने इस अनुभव को अपनी जिंदगी का अहम पड़ाव बताया और कहा कि वह लंबे समय से मेडिटेशन सीखना चाहते थे, ताकि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन और शांति प्राप्त कर सकें।
महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर किंग जूनियर का किया उल्लेख
अपनी पोस्ट में टायरेस गिब्सन ने वर्ष 1959 में डॉ. मार्टिन लूथर किंग जूनियर की भारत यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि डॉ. किंग महात्मा गांधी के जीवन और अहिंसक आंदोलन की विचारधारा को समझने भारत आए थे। गिब्सन ने गांधीजी की शिक्षाओं को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी अपनी यात्रा भी आत्मिक शांति और व्यक्तिगत विकास की दिशा में एक प्रयास है।
उन्होंने लिखा कि वह अपने मन में उठने वाले तेज विचारों और बेचैनी को शांत करने के लिए मेडिटेशन का अभ्यास सीखना चाहते हैं। उनके अनुसार, यह आत्मिक संतुलन की ओर बढ़ने वाली जीवनभर की यात्रा है।
भारत में मिले स्वागत के लिए जताया आभार
टायरेस गिब्सन ने अपनी पोस्ट में "AMA" का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में उन्हें बेहद आत्मीयता और सम्मान मिला। उन्होंने इस अनुभव को सही समय पर मिला जीवन बदलने वाला अवसर बताया। साथ ही उन्होंने जानवरों की सुरक्षा के लिए काम करने वाले एक व्यक्ति की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उन्हें भविष्य में नोबेल शांति पुरस्कार मिल सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस यात्रा में उनके साथ उनके बचपन के दोस्त केन्याटा भी हैं। गिब्सन के अनुसार, यह यात्रा वर्षों पुरानी दोस्ती और साझा अनुभवों से प्रेरित है।
https://www.instagram.com/p/DaG3ajgDuN7/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
आने वाले प्रोजेक्ट्स में फिर दिखेंगे 'रोमन पियर्स' के किरदार में
वर्क फ्रंट की बात करें तो टायरेस गिब्सन जल्द ही 'Fast X: Part 2 (Fast Forever)' में एक बार फिर रोमन पियर्स के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा उनके आगामी प्रोजेक्ट्स में Don't Open the Door, Kill Code, Straight Shot, Vampires of the Velvet Lounge और Holyguards Saga: The Portal of Force शामिल हैं। साथ ही वह R&B गायक टेडी पेंडरग्रास की बायोपिक से भी जुड़े हैं और Desert Eagle नामक एक्शन प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः 'हम एक साल से अलग रह रहे हैं...' आकांक्षा चमोला के खुलासे के बाद मचा बवाल, गौरव खन्ना भी ट्रोलर्स के निशाने पर
