India vs Ireland: हार के बाद Team India पर भड़के दिग्गज, बोले- सीरीज को पिकनिक समझ रहे थे खिलाड़ी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सदागोपन रमेश ने कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम के रवैये पर उठाए सवाल, खराब फील्डिंग और IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम की भी की आलोचना

नई दिल्ली। आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 34 रन से मिली हार के बाद भारतीय टीम आलोचनाओं के घेरे में आ गई है। इस हार के बाद पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज सदागोपन रमेश ने टीम इंडिया के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि भारतीय टीम ने इस सीरीज को हल्के में लिया और उसी का नतीजा मैदान पर देखने को मिला।

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर पूरे किए बिना ही 148 रन पर ऑलआउट हो गई। यह किसी भी प्रारूप में भारत के खिलाफ आयरलैंड की पहली जीत है।

'आयरलैंड दौरे को पिकनिक समझ लिया था'

अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सदागोपन रमेश ने कहा कि आयरलैंड ने बड़ी बाउंड्री और शॉर्ट गेंदों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का रवैया ऐसा था, मानो वह इस दौरे को आसान मानकर चल रही हो और खिलाड़ियों का ध्यान आगामी इंग्लैंड सीरीज पर अधिक था।

रमेश के अनुसार, आयरलैंड ने अपने प्रदर्शन से भारत को यह संदेश दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी टीम को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

पूर्व क्रिकेटर ने भारतीय टीम के प्रदर्शन को निराशाजनक बताते हुए कहा कि इस हार के लिए कोई बहाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा की 19 गेंदों में 49 रन की तेज पारी को छोड़ दें, तो कप्तान श्रेयस अय्यर सहित कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका। श्रेयस अय्यर 7 गेंदों का ही सामना कर सके।

इम्पैक्ट प्लेयर नियम और फील्डिंग पर भी उठाए सवाल

सदागोपन रमेश ने टीम इंडिया की फील्डिंग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार टी20 क्रिकेट खेलने के बावजूद खिलाड़ियों की फील्डिंग में सुधार नहीं दिख रहा है। उनके मुताबिक, आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण कुछ कमियां छिप सकती हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेइंग इलेवन में जगह बनाए रखने के लिए बेहतरीन फील्डिंग जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि टी20 विश्व कप जीतने और उसके बाद लंबे समय तक टी20 क्रिकेट खेलने वाली टीम से इस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती।

संबंधित समाचार