NCERT की क्लास 9 की बुक में SIR और चुनाव आयोग पर नया चैप्टर, जानिए छात्रों को क्या पढ़ाया जाएगा
लखनऊः राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने क्लास 9 की सोशल साइंस की नई बुक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग की भूमिका पर नया अध्याय शामिल किया है। बुकमें भारत की चुनावी प्रक्रिया को "अद्वितीय" बताया गया है और चुनाव आयोग की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र भूमिका को विस्तार से समझाया गया है।
चुनाव आयोग की जिम्मेदारियों का किया गया उल्लेख
नई किताब के अनुसार, चुनाव आयोग का मुख्य दायित्व देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। इसमें मतदाता सूची यानी की voter list तैयार करने, चुनाव संपन्न कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने में आयोग की भूमिका को विस्तार से बताया गया है।
मतदाता सूची में कैसे होते हैं बदलाव?
बुक में बताया गया है कि SIR के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाते हैं। वहीं, जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, जिन्होंने अपना निवास स्थान बदल लिया है या जिनके नाम एक से अधिक बार दर्ज हैं, उन्हें सूची से हटाया जाता है।
इसके अलावा अंतिम मतदाता सूची जारी करने से पहले नागरिकों से दावे और आपत्तियां भी आमंत्रित की जाती हैं, ताकि किसी भी गलती को समय रहते सुधारा जा सके।
EVM, VVPAT और आचार संहिता की भी जानकारी
नई बुकमें छात्रों को EVM, VVPAT, आदर्श आचार संहिता और मतदाता जागरूकता अभियानों के बारे में भी जानकारी दी गई है। इसमें चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और चुनाव आयोग की जिम्मेदारियों को सरल भाषा में समझाया गया है।
गठबंधन की राजनीति को समझने के लिए गतिविधि आधारित अध्याय
राजनीतिक गठबंधनों की कार्यप्रणाली समझाने के लिए बुक में एक गतिविधि आधारित अध्याय भी शामिल किया गया है। इसमें छात्रों को 1977, 1999, 2004, 2009, 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद सरकार बनाने वाले गठबंधनों की पहचान करने का अभ्यास कराया जाएगा।
राजनीतिक बहस के बीच आया नया अध्याय
चुनाव आयोग और SIR को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे समय में NCERT की नई बुकमें इस विषय को शामिल किए जाने से इसे लेकर राजनीतिक चर्चा और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः कृषि विश्वविद्यालय ने विकसित किया फ्लैक्ससीड मिल्क, कई बीमारियों से देगा छुटकारा
