Rampur News : कैंटर की टक्कर से नैनीताल हाईवे पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालकों सहित 11 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बिलासपुर, अमृत विचार। बिलासपुर क्षेत्र के गांव रामनगर में बाइपास पर कैंटर चालक को झपकी आने पर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक समेत 11 लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे नैनीताल हाईवे पर गांव रामनगर के पास बाइपास पर हुआ।

अमरोहा जिले के गांव जयतौली निवासी व कैंटर चालक जितेंद्र ने बताया कि वह दिल्ली से फ्रूट लेकर रुद्रपुर उत्तराखंड की मंडी में उतारने जा रहे थे। अचानक झपकी आने के कारण उनका कैंटर आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। जिससे अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई।दुर्घटना के बाद मौके पर आस-पास के लोगों समेत राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। बाद में घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया।घायलों में कैंटर चालक जितेंद्र, पीलीभीत जिले के शिवनगर गांव निवासी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक राजेश कुमार, मजदूर सुंदरलाल, सुखविंदर, नंदू, विपिन कुमार, राम अवतार, चेतराम, रामचरन, अमित, खेमकरन शामिल हैं। बताया जाता कि ट्रॉली में सवार मजदूर खौंदलपुर गांव निवासी जसपाल सिंह के खेत में धान लगाने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे यह हादसा हो गया।

मजदूरों के अनुसार अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली सड़क पर पलट गई और चालक सहित सभी मजदूर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। चिकित्साधिकारी डॉ. तारिक इमरान ने जानकारी दी कि सभी घायलों को खुली और गुम चोटें लगी हैं, जिनका उपचार किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल ट्रैक्टर चालक राजेश, कैंटर चालक जितेंद्र और मजदूर अमित को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार