युवाओं को मिला आत्मनिर्भरता का बूस्टर: PM-VBRY के तहत ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी, लखनऊ में डिप्टी सीएम ने सौंपे जॉइनिंग लेटर
लखनऊ, अमृत विचारः श्रम और रोजगार मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हॉल में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के अंतर्गत एक विशेष क्षेत्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के साथ जुड़ा था, जहां प्रधानमंत्री ने देशभर के 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की।
1.png)
अपने संबोधन में ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने वाली दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक सहायता पहुंच रही है। देशभर में 200 स्थानों पर आयोजित क्षेत्रीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में लखनऊ का आयोजन भी प्रमुख रहा। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर लगभग 1,500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 1,000 लाभार्थी, 230 नियोक्ता, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और ईपीएफओ के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
1.png)
कार्यक्रम के दौरान नौ प्रतिष्ठानों के 46 नव नियुक्त कर्मचारियों को रोजगार पत्र वितरित किए गए। लाभार्थियों ने योजना से मिले रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तीकरण के अनुभव साझा किए। एक कर्मचारी ने कहा कि योजना के तहत प्राप्त प्रोत्साहन राशि और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम ने उसके जीवन को नई दिशा दी है तथा भविष्य की बेहतर योजना बनाने में मदद की है। वहीं, नियोक्ताओं ने योजना को रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे नए कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यबल की स्थिरता बढ़ी है।
