वाराणसी में सीएनजी पंप के यार्ड में लगी भीषण आग, 45 फीट ऊपर तक उठीं लपटें

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में गेल सीएनजी पंप के पाइप स्टोरेज यार्ड में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें लगभग 40 से 45 फीट की ऊंचाई तक उठने लगीं। करखियाव स्थित सीएनजी पंप में देर शाम आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

जौनपुर से बुलानी पड़ीं दमकल की गाड़ियां

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पड़ोसी जिले जौनपुर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। बेहद कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया गया। सबसे राहत की बात यह रही कि आग की लपटें सीएनजी पंप तक नहीं पहुंच सकीं।

आग लगने के कारणों पर दो अलग-अलग दावे

आग लगने के सही कारणों को लेकर फिलहाल विभिन्न संभावनाएं सामने आ रही हैं। स्टेशन मैनेजर कुंज बिहारी पांडेय ने बताया कि आस-पास किसी ने कूड़े-कचरे में आग लगाई थी। उसी दौरान धूल भरी आंधी आई, जिसकी वजह से चिंगारी संभवतः यार्ड तक पहुंच गई और आग भड़क उठी।

पूरे शहर में पीएनजी (PNG) कनेक्शन का कार्य चल रहा है और गोदाम में इसी कार्य के लिए ढेर सारे पाइप रखे गए थे। दूसरी तरफ, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत का कहना है कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

गेल के फायर एंड सेफ्टी मैनेजर आनंद ने बताया कि आग पीछे वाले स्टोर यार्ड में लगी थी। वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी पूरी जांच की जा रही है। स्टोर में प्लास्टिक के पाइप और अन्य सामान रखा हुआ था। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है, केवल सामग्री जलकर राख हुई है।

11 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि 11 दमकल गाड़ियों और दर्जनों फायरकर्मियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। सीएनजी स्टेशन की ओर बढ़ती लपटों को रोकना टीम का सबसे पहला लक्ष्य था। आग सीएनजी स्टेशन के पीछे स्थित गेल के पाइप स्टोरेज यार्ड में लगी थी। चूंकि वहां भारी मात्रा में प्लास्टिक के पाइप रखे हुए थे, इसलिए आग बुझाने में काफी समय लगा। हादसे के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच अभी जारी है।

ये भी पढ़ें  : 
योगाभ्यास और पौधरोपण से दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बच्चों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प

संबंधित समाचार