NEET Exam Special : लखनऊ मंडल चलाएगा 21 जून को परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, रोडवेज और ई-सिटी बसों में मिलेगी 50% किराये की छूट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-लखनऊ मंडल कल चलाएगा विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल रेलगाड़ियां

लखनऊ, अमृत विचारः नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने 21 जून को विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल रेलगाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा के बाद विद्यार्थियों की वापसी यात्रा को आसान बनाना है। सभी विशेष ट्रेनों में केवल अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए विशेष ट्रेनें

गाड़ी संख्या 04206 लखनऊ–वाराणसी जंक्शन परीक्षा स्पेशल 21 जून को शाम 5:55 बजे लखनऊ से रवाना होगी। इसमें 11 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोशाईंगंज, अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर और जफराबाद स्टेशनों पर ठहरते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04202 लखनऊ–प्रयागराज संगम परीक्षा स्पेशल शाम 5:45 बजे लखनऊ से प्रस्थान करेगी। 14 अनारक्षित कोचों वाली यह ट्रेन बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली, लक्ष्मणपुर, ऊंचाहार, परियावां कालाकांकर रोड, गढ़ी मानिकपुर, कुंडा हरनामगंज, रामचौरा रोड, फाफामऊ और प्रयाग जंक्शन होते हुए प्रयागराज संगम पहुंचेगी।

वाराणसी से पटना के लिए भी विशेष सेवा

गाड़ी संख्या 04208 वाराणसी जंक्शन–पटना जंक्शन परीक्षा स्पेशल 21 जून को शाम 5:45 बजे वाराणसी से चलेगी। यह ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, दिलदारनगर, बक्सर, आरा और दानापुर में ठहराव के बाद पटना पहुंचेगी। इसमें कुल 12 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।

गोरखपुर–लखनऊ मार्ग पर चार विशेष ट्रेनें

अभ्यर्थियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए गोरखपुर–लखनऊ रेलखंड पर भी चार विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों (05007, 05008, 05035 व 05036) का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी, बादशाहनगर और लखनऊ के बीच चलेंगी। प्रत्येक ट्रेन में 10 सामान्य द्वितीय श्रेणी (जीएससीएन) तथा 2 एसएलआरडी कोच सहित कुल 12 कोच लगाए जाएंगे और सभी कोच अनारक्षित होंगे। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले वे एनटीईएस ऐप, रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम रेलवे स्टेशन से अपनी ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी अवश्य सत्यापित कर लें।

आधे किराये पर सिटी बस से परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे परीक्षार्थी

21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहूलियत देने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। सिटी ट्रांसपोर्ट की ओर से शहर के 22 प्रमुख मार्गों पर ई-सिटी बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों में परीक्षार्थियों को आधे किराये पर यात्रा की सुविधा मिलेगी।

रोडवेज-ई-सिटी बसों में मिलेगी 50 फीसदी किराया छूट

अवध बस डिपो के नोडल अधिकारी सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस अड्डों पर हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी देकर संबंधित ई-सिटी बसों के मार्ग, समय और संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी श्रेणियों की बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट प्रदान की जाएगी। यह सुविधा साधारण, वातानुकूलित और एसी ई-सिटी बसों में भी लागू रहेगी। छूट का लाभ लेने के लिए परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र की एक प्रति बस परिचालक को उपलब्ध करानी होगी। यह विशेष व्यवस्था 19 जून की रात 12 बजे से लागू हो चुकी है और 21 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को ईटीएम मशीन से आधे किराये का टिकट जारी किया जाएगा। बस संचालन संबंधी जानकारी के लिए परीक्षार्थी सिटी ट्रांसपोर्ट के हेल्पलाइन नंबर 18001805014 पर संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें  : 
NEET Exam Special: 21 जून को कासगंज से रावतपुर के मध्य चलेगी विशेष सवारी गाड़ी, देखें शेड्यूल 

संबंधित समाचार