Azamgarh News: आजमगढ़ में पौहारी बाबा सरोवर में स्नान के दौरान 20 वर्षीय युवती की डूबने से मौत, सीढ़ियों पर काई से फिसला पैर

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

आजमगढ़, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पौहारी बाबा सरोवर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दर्शन करने आई 20 वर्षीय युवती की सरोवर में स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।

स्नान करते समय फिसला पैर

मृतका की पहचान कुसुम देवी (20) पुत्री शिवपूजन, निवासी ग्राम नीवा, हुसैनपुर, थाना रामनगर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। परिवार के साथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंची कुसुम सुबह करीब 10 बजे सरोवर में स्नान करने उतरी थी। बताया जा रहा है कि सीढ़ियों पर जमी काई की वजह से उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।

लोगों ने बचाने की कोशिश

घटना को देखकर मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने युवती को बचाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सफाई और सुरक्षा पर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सरोवर की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सीढ़ियों पर लंबे समय से काई जमी हुई है और कई बार शिकायत करने के बावजूद नियमित सफाई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों का आरोप है कि लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने उठाई मांग

घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से सरोवर की नियमित सफाई कराने, सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें:- आजमगढ़ का चर्चित बेलाल हत्याकांड: दो दोषियों को उम्रकैद, अदालत ने लगाया 25-25 हजार रुपये जुर्माना

संबंधित समाचार