यूपी न्यूज: रामपुर डीएम ने जिला शासकीय अधिवक्ता समेत 6 वकीलों को हटाया, कार्यमुक्त का आदेश जारी

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

रामपुर, अमृत विचार। रामपुर में सरकार की ओर से मुकदमों की पैरवी करने वाले करीब आधा दर्जन वकीलों को शासकीय और सहायक शासकीय अधिवक्ता के पद से हटा दिया गया है। उत्तर प्रदेश न्याय विभाग के आदेश के बाद जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सभी संबंधित अधिवक्ताओं को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया है।

जिला शासकीय अधिवक्ता भी शामिल

हटाए गए अधिवक्ताओं में जिला शासकीय अधिवक्ता अमित कुमार सक्सेना का नाम भी शामिल है। इसके अलावा कई सहायक शासकीय अधिवक्ताओं को भी उनके पदों से मुक्त कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कानूनी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

चार सहायक अधिवक्ता हटाए

जिन सहायक शासकीय अधिवक्ताओं को कार्यमुक्त किया गया है, उनमें प्रमोद सागर, ओमप्रकाश लोधी, प्रताप सिंह मौर्य और अमित कुमार शामिल हैं। वहीं, नामिका अधिवक्ता (दीवानी) के पद पर तैनात संदीप सक्सेना को भी उनकी जिम्मेदारी से हटा दिया गया है।

तत्काल प्रभाव से खत्म हुई तैनाती

जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि न्याय विभाग के निर्देशों के अनुपालन में सभी संबंधित शासकीय अधिवक्ताओं की आबद्धता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती है। आदेश जारी होते ही सभी को कार्यमुक्त माना जाएगा।

नए पैनल के गठन की तैयारी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिक्त हुए पदों पर नए अधिवक्ताओं के चयन के लिए अलग से पैनल गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद नए शासकीय और सहायक शासकीय अधिवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- Sambhal News : सपा मजबूती से अखिलेश यादव के साथ : बर्क

संबंधित समाचार