Gonda News : मोहर्रम के जुलूस और शोकसभा के बीच टकराव, बुढ़वलिया गांव में तनाव, पुलिस तैनात
ढोल बजाने से मना करने पर भड़का विवाद, घर में घुसकर हमला करने का आरोप
रनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के भंभुआ पुलिस चौकी अंतर्गत बुढ़वलिया महीपतगंज गांव में शोकग्रस्त परिवार के घर के सामने मोहर्रम का हुद्दा और ढोल बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार : करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के भंभुआ पुलिस चौकी अंतर्गत बुढ़वलिया महीपतगंज गांव में शोकग्रस्त परिवार के घर के सामने मोहर्रम का हुद्दा और ढोल बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पीड़ित पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। मामले में आधा दर्जन लोगों के घायल होने का दावा किया गया है, जबकि घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
गांव निवासी शिवा पुरुवार पुत्र रामशंकर पुरुवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम उनकी बड़ी मां सरिता देवी पत्नी बद्री प्रसाद का निधन हो गया था। परिवार शोक में था और अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि रात करीब नौ बजे कुछ लोग मोहर्रम का हुद्दा और ढोल लेकर उनके दरवाजे के सामने पहुंच गए और तेज धुन में बजाने लगे। शोक का हवाला देकर ढोल न बजाने का अनुरोध करने पर विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। जान बचाने के लिए परिवार के सदस्य घर के भीतर चले गए, लेकिन आरोपित घर में घुस आए और टीनशेड, बाइक समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की। आरोप है कि कुछ लोगों ने छत से ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीण भी घायल हो गए।
तहरीर के अनुसार रामावती, राजन शैनी, रिंकू शैनी, लकी जायसवाल, मुन्ना मौर्य और किरन मौर्य घायल हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग 18 हिंदू परिवार और करीब 100 मुस्लिम परिवार निवास करते हैं। घटना के बाद से दोनों समुदायों के बीच तनाव बना हुआ है। एहतियातन पुलिस गांव की स्थिति पर नजर रखे हुए है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
