Gonda News: मनकापुर-नवाबगंज रेलखंड पर साखू का पेड़ गिरने से ओवरहेड तार क्षतिग्रस्त, ढाई घंटे ठप रहा रेल संचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे की-मैन ने किमी संख्या 5/2 के पास जंगल क्षेत्र में साखू का पेड़ ओएचई तारों पर गिरने की सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया।
मनकापुर/गोंडा, अमृत विचार। मनकापुर-नवाबगंज रेलखंड पर शनिवार सुबह साखू का एक विशाल पेड़ ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तारों पर गिर जाने से रेल यातायात करीब दो घंटे 40 मिनट तक प्रभावित रहा। घटना के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे की-मैन ने किमी संख्या 5/2 के पास जंगल क्षेत्र में साखू का पेड़ ओएचई तारों पर गिरने की सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया।
रेलकर्मियों ने पहले पेड़ को काटकर ट्रैक और तारों से हटाया, इसके बाद क्षतिग्रस्त विद्युत तारों की मरम्मत की गई। लगातार चले अभियान के बाद सुबह 10:10 बजे विद्युत व्यवस्था पूरी तरह बहाल कर दी गई। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रेल मार्ग को संचालन के लिए फिट घोषित किया गया और ट्रेनों की आवाजाही शुरू कराई गई।
मरम्मत कार्य पूरा होने के कविगुरु एक्सप्रेस को किया गया रवाना
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस खंड से सबसे पहले कविगुरु एक्सप्रेस को रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि घटना के कारण अयोध्या की ओर जाने वाली कविगुरु एक्सप्रेस और बनारस इंटरसिटी प्रभावित हुईं। वहीं अयोध्या से मनकापुर आने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस तथा मनकापुर-अयोध्या मेमू ट्रेन भी विलंब से संचालित हुईं। पेड़ गिरने की घटना से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से कुछ ही घंटों में व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
