Lucknow News: रामसागर मिश्र अस्पताल में नर्सों की भारी कमी, एजेंसी कर्मियों के सहारे चल रहा काम
राजकीय नर्सेस संघ ने उठाया मुद्दा, जल्द भर्ती का भरोसा
लखनऊ, अमृत विचार : साढ़ामऊ स्थित रामसागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में नर्सिंग स्टाफ की कमी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में बड़ी चुनौती बनती जा रही है। सीमित संसाधनों और कर्मचारियों कमी से नर्सिंग कर्मियों पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
राजकीय नर्सेस संघ के महामंत्री अशोक कुमार ने शनिवार को अस्पताल का दौरा कर नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. वीके शर्मा से विस्तार से चर्चा की।
अशोक कुमार ने बताया कि अस्पताल में नर्सिंग संवर्ग के स्वीकृत पदों और कार्यरत कर्मचारियों की संख्या के बीच बड़ा अंतर है। मैट्रन के दो स्वीकृत पद होने के बावजूद एक भी तैनाती नहीं है। सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के छह पदों में से चार रिक्त पड़े हैं। वहीं नर्सिंग ऑफिसर के नियमित पद सृजित न होने के कारण 15 नर्सिंग ऑफिसर एजेंसी के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं।
स्थिति यह है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वीकृत आठ पदों के सापेक्ष भी केवल छह नर्सों की तैनाती है। ऐसे में सीमित स्टाफ के भरोसे मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
महामंत्री ने सरकार से रामसागर मिश्र अस्पताल समेत जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर में पर्याप्त नर्सिंग मैनपावर उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए नर्सिंग व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके शर्मा ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही नर्सिंग स्टाफ की कमी दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
