Lucknow News: वजीरबाग मोअज्जम नगर में 5 हजार की आबादी दूषित पानी पीने को मजबूर, आंख बंद कर बैठे अधिकारी
लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम जोन 6 के अम्बरगंज वार्ड स्थित वजीरबाग मोअज्जमनगर क्षेत्र में कई महीनों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इससे क्षेत्र की करीब 5000 की आबादी दूषित पानी पीने को मजबूर है। इससे बच्चों से लेकर बड़े पेट की बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। समस्या को लेकर शनिवार को क्षेत्रीय निवासियों ने जलकल और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शबाना हबीब, शमी मोहम्मद, इमरान अहमद आदि निवासियों का कहना है कि जलकल विभाग के पम्प से पिछले कई महीनों से घरों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। यह पानी पीने और नहाने के योग्य भी नहीं है। निवासियों ने आशंका जताई है कि जिस पम्प से पानी की आपूर्ति की जाती है वह सीवर लाइन से कनेक्ट हो गई है। कई बार जलकल विभाग और नगर निगम में शिकायत के बाद भी कोई देखने तक नहीं पहुंचा। इससे क्षेत्रवासियों में जलकल विभाग के प्रति गहरा रोष है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलकल कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
