International Yoga Day: अमृत सरोवरों पर जुटेगा गांव, होगा सामूहिक योग
लखनऊ, अमृत विचार : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवर अब केवल जल संरक्षण के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक चेतना के प्रतीक बन चुके हैं। योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रमों के दौरान ‘सरोवर संवाद’ का आयोजन कर ग्रामीणों को ग्रामीण विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त जी.एस. प्रियदर्शी ने सभी जिलों को कार्यक्रमों की फोटो और गतिविधियों का विवरण मिशन अमृत सरोवर पोर्टल पर अपलोड करने तथा दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
