UP Education Board: जुलाई में सजेंगी ‘निपुण संकल्प कार्यशालाएं’, 33 केंद्रों पर शिक्षा अधिकारी बनाएंगे 'निपुण 2.0' का नया रोडमैप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करने के लिए जुलाई में प्रदेशभर में निपुण संकल्प कार्यशालाओं का आयोजन करेगी। 6 से 31 जुलाई तक प्रदेश के 33 केंद्रों पर आयोजित होने वाली इन कार्यशालाओं में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शैक्षणिक विशेषज्ञ और जिला स्तरीय टीमें भाग लेंगी।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों में भाषा और गणितीय दक्षताओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बच्चों में सीखने क्षमता बढ़ेगी। कार्यशालाओं के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी तथा प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का रोडमैप बनाया जाएगा।

कार्यशालाओं में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य, एआरपी, एसआरजी, मेंटर और जिला समन्वयक भाग लेंगे। निपुण विद्यालय लक्ष्य, निपुण 2.0, बालवाटिका संचालन, डेटा आधारित अनुश्रवण और विद्यालयों की गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर मंथन होगा।

इसके अलावा परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के निष्कर्षों के आधार पर सीखने के परिणामों में सुधार की रणनीति बनाई जाएगी। कक्षा 3 से 5 तक लक्ष्य आधारित शिक्षण, कैच-अप कार्यक्रम, शिक्षक संदर्शिका आधारित शिक्षण और विद्यालय स्तर पर वार्षिक लक्ष्य निर्धारण पर भी चर्चा होगी।

संबंधित समाचार