Kainchi Dham Foundation Day : कैंची धाम मेले से पहले बड़ा बवाल, छेड़छाड़ के आरोप में दो सिपाहियों की पिटाई, ग्रामीणों ने घेर लिया थाना
कैंची धाम मेले की ड्यूटी में लगे दोनों पुलिसकर्मी एक होम स्टेम में ठहरे थे। दोनों ने शराब पी रखी थी। आरोप है कि मंदिर से लौटते वक्त एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़खानी की। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर पीटा और इसके बाद भवाली थाना घेर लिया।
अमृत विचार : कैंची धाम स्थापना दिवस (Kainchi Dham Foundation Day) मेले से ठीक एक दिन पहले भारी बवाल हो गया। मेले की सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए दो एक एएसआई और सिपाही पर एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़खानी का आरोप सामने आया है। घटना से आक्रोशित भीड़ ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर पीट दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने भवाली थाना घेर लिया और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। पुलिस दोनों सिपाहियों लेकर अस्पताल पहुंची। मेडिकल जांच में दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
कैंची धाम आश्रम का स्थापना दिवस 15 जून को है। सुरक्षा-व्यवस्था के लिए करीब 1100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आरोप हैं। जनपद ऊधमसिंह नगर से एएसआई जगदीश प्रसाद और कॉन्स्टेबल जितेंद्र कुमार को भी यहां तैनात किया गया है।
नशे में धुत होकर घिनौनी हरकत
आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने जमकर शराब पी। नशे में धुत होकर एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना से परिवार और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई लगाई।
सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को हिरासत में ले लिया। आक्रोशित भीड़ थाने पहुंच गई। यहां जमकर हंगामा काटा और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई है।
दोनों पुलिसकर्मियों पर एफआईआर
युवती के पिता की तहरीर पर भवाली थाने में दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध छेड़खानी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी है और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
