बाराबंकी में विपक्ष पर बरसे ब्रजेश पाठक, कहा- काठ की हांडी जलकर हो चुकी खाक, जनता समझ चुकी है सपा-कांग्रेस की सच्चाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बाराबंकी के हरख ब्लॉक में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया और कार्यकर्ताओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक जनता को गुमराह कर उनका विश्वास हासिल किया, लेकिन अब काठ की हांडी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है। जनता इन दलों की कार्यशैली और करतूतों को भली-भांति समझ चुकी है।

cats

उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में रही, तब तक प्रदेश में गुंडे, माफिया और बदमाश फलते-फूलते रहे तथा उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। ब्रजेश पाठक ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। आज गुंडे, माफिया और बदमाश या तो समाप्त हो चुके हैं या फिर प्रदेश छोड़कर पलायन कर चुके हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि योगी सरकार गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से जन-जन का विश्वास जीत चुकी है। प्रदेश आज अमन-चैन और विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जीएसटी कलेक्शन के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है और जल्द ही पहला स्थान हासिल करेगा। प्रदेश में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार इस दिशा में कार्य कर रहे हैं ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

श्रीराम मंदिर दान विवाद जानिए क्या डिप्टी सीएम

अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़े कथित गबन मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आपत्तिजनक टिप्पणी पर जताया कड़ा विरोध

वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उन्होंने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अभद्र टिप्पणियां किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

संबंधित समाचार