Rampur News: रामपुर में तापमान 40 पार, लोग हुए बेहाल...
प्रचंड गर्मी के आसार, 44 डिग्री तक जा सकता है पारा
रामपुर, अमृत विचार। रामपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। गर्मी से लोग बेहाल हो गए। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो प्रचंड गर्मी के आसार हैं। तीन दिन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम शुष्क रहेगा हालांकि, मानसून के चंद दिनों में बरसने के आसार हैं। लोगों ने गर्मी से बचने के लिए सिर पर अंगोछा डाल लिया। भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए लोगों ने जगह-जगह सबीलें लगाकर लोगों को शरबत पिलाया।
जगह-जगह लगे सबीलें
सुबह से सूरज में तेजी थी दोपहर होने से तपिश बढ़ गई और लोगों का गर्मी से गला सूखने लगा। भीषण गर्मी से लोगों को राहत देने के लिए लोगों ने जगह-जगह सबीलें लगाकर लोगों को शरबत पिलाया। प्यास बुझाने के लिए लोगों ने कोल्ड ड्रिंक भी पिया। इसके अलावा राहे रजा, राहे मुर्तजा पर बेल के शरबत का ठेला लगाने वाले और गन्ने का जूस बेचने वालों का अच्छा कारोबार हुआ।
.jpg)
बेल का शर्बत पीना पसंद कर रहे लोग
राहे रजा पर बेल का शर्बत लगाए राजकुमार ने बताया कि बेल का शरबत पीना लोग अधिक पसंद कर रहे हैं। क्योंकि यह शरीर को ताकत देता है और पेट के लिए भी बहुत फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बेल का शरबत पीने से बार-बार पानी पीने की जरूरत नहीं पड़ती है। जबकि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद प्यास और बढ़ जाती है और बार-बार पानी पीने की इच्छा होने लगती है। शिद्दत की गर्मी में लोग सिर पर अंगोछा और छाता लगाकर घरों से बाहर निकले। मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह के मुताबिक 10 जून तक पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
.jpg)
10 जून तक मौसम शुष्क रहने और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिससे तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। रात के तापमान में भी 4 डिग्री तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। - डॉ. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ
हाल-ए-मौसम
अधिकतम तापमान- 41 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 28 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता- 43 प्रतिशत
वायु वेग-10 किमी.प्रति घंटा
