LIVECJP Protest: CJP का रुख बरकरार, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ स्वीकार नहीं, जानें CJP के प्रदर्शन पर क्या बोले RSS नेता इंद्रेश कुमार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त किया, अब सरकार और CJP के बीच वार्ता पर फोकस। दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, कई मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद।

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच आज का दिन अहम माना जा रहा है। 26 दिनों की भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद अब सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच औपचारिक बातचीत होने जा रही है। इस बैठक को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि दिल्ली मेट्रो ने राजधानी के 17 स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया है।

Jul 24, 2026 · 12:13 PM · Muskan Dixit
CJP के प्रदर्शन पर बोले RSS नेता इंद्रेश कुमार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने CJP के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आंदोलन में शामिल युवाओं को यह समझना चाहिए कि इसके पीछे ऐसी ताकतें सक्रिय हैं जो भारत की प्रगति नहीं चाहतीं। उन्होंने कहा कि कुछ देशी और विदेशी शक्तियां विकसित, सक्षम और शिक्षित भारत के निर्माण में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं।

Jul 24, 2026 · 12:13 PM · Muskan Dixit
पेपर लीक मामले पर अरविंद केजरीवाल का प्रधानमंत्री पर निशाना

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री ने देर रात घोषणा की थी कि पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट संबंधी कानून संसद में लाया जाएगा, लेकिन उसी दिन 2024 NEET पेपर लीक मामले के कथित मास्टरमाइंड को CBI द्वारा अदालत में निर्दोष बताए जाने से सरकार के दावों पर सवाल खड़े होते हैं। केजरीवाल ने पूछा कि यदि जांच में पर्याप्त सबूत ही पेश नहीं किए जाएंगे तो फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का क्या औचित्य है।

Jul 24, 2026 · 11:16 AM · Muskan Dixit
CJP का रुख बरकरार, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ स्वीकार नहीं

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर चल रहा संगठन का धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी प्रमुख मांग पर अडिग है और इससे कम किसी समाधान को स्वीकार नहीं करेगा।

सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर अभिजीत दिपके ने खुशी जताते हुए कहा कि 26 दिनों से अधिक समय तक भूख हड़ताल पर रहने के बाद उनका अनशन टूटना राहत की बात है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का जीवन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर उन्होंने बताया कि बातचीत किसी तटस्थ (न्यूट्रल) स्थान पर होगी। हालांकि उन्होंने दोहराया कि संगठन की प्राथमिक मांग धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है और इसी मुद्दे पर उनका रुख पहले की तरह कायम है।

Jul 24, 2026 · 10:01 AM · Muskan Dixit
सरकार और CJP के बीच आज होगी बैठक

सूत्रों के मुताबिक, CJP का प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12:30 बजे केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह शामिल होंगे।

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि बैठक के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को स्थान के रूप में चुना गया है, जहां संगठन अपनी प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखेगा।

Jul 24, 2026 · 10:01 AM · Muskan Dixit
CJP की प्रमुख मांगें

CJP की प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने कहा कि सरकार न्यूट्रल स्थान पर बातचीत के लिए सहमत हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अपनी पुरानी मांगों पर कायम है।

इन मांगों में शामिल हैं—

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग।
  • प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा।
  • शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग।
  • प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई।
Jul 24, 2026 · 09:59 AM · Muskan Dixit
अनशन खत्म करने के बाद सोनम वांगचुक का संदेश

26 दिन तक भूख हड़ताल पर रहने के बाद सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अनशन समाप्त किया है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की शीर्ष संस्था के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह फैसला लिया गया। इससे पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब 65 सांसदों ने भी उनसे अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था और संसद में परीक्षा प्रणाली तथा नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा कराने का भरोसा दिया था।

सोनम वांगचुक के अनुसार, पिछले दो दिनों तक सरकार के साथ लगातार बातचीत चली और लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

Jul 24, 2026 · 09:59 AM · Muskan Dixit
दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन अगले आदेश तक बंद

राजधानी में प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने आज सुबह 7:30 बजे से 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है।

हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

बंद रहने वाले स्टेशन

  • लोक कल्याण मार्ग
  • राजीव चौक
  • पटेल चौक
  • रामकृष्ण आश्रम मार्ग
  • बाराखंभा रोड
  • सुप्रीम कोर्ट
  • सेवा तीर्थ
  • जनपथ
  • मंडी हाउस
  • केंद्रीय सचिवालय
  • आईटीओ
  • दिल्ली गेट
  • इंद्रप्रस्थ
  • खान मार्केट
  • जोर बाग
  • शिवाजी स्टेडियम
  • झंडेवालान
Jul 24, 2026 · 09:58 AM · Muskan Dixit
देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान

CJP ने देशभर में पुलिस कार्रवाई के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की घोषणा की है। संगठन ने छात्र संगठनों से अपील की है कि वे अपने-अपने जिलों में एकत्र होकर छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ें और स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेकर प्रदर्शन करें।

इस बीच, संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि सरकार के प्रतिनिधियों ने जंतर-मंतर पर वार्ता से इनकार किया और बातचीत के लिए वैकल्पिक स्थान का प्रस्ताव दिया।

संबंधित समाचार