Amethi News: बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

एसपी सरवणन टी ने किया खुलासा 

अमेठी। अमेठी पुलिस ने वाहन चोरों के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें 08 साबुत मोटरसाइकिलें तथा 07 कटी हुई मोटरसाइकिलों के इंजन, चेसिस, पहिए व अन्य पुर्जे शामिल हैं।

शुक्रवार को थाना जामो पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोका गया। पूछताछ में वे वाहनों के वैध कागजात नहीं दिखा सके और स्वीकार किया कि दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार अग्रहरि (24), मोहम्मद वासिद (22), मोहम्मद ताजीर उर्फ महताब (26) और फैसल खान (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना जामो क्षेत्र के निवासी हैं।

Untitled design (59)

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मोहम्मद ताजीर उर्फ महताब और फैसल खान विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी की बाइक वे मोहम्मद वासिद को बेच देते थे, जो उन्हें कबाड़ कारोबारी दिनेश अग्रहरि को करीब पांच हजार रुपये में बेचता था। दिनेश अपने घर में बने गोदाम में मोटरसाइकिलों के इंजन, चेसिस, टायर और अन्य पुर्जे अलग कर उन्हें कानपुर में बेच देता था।

आरोपियों ने हाल के दिनों में सैंठा ओवरब्रिज, नंद महर बाजार, मवई बाजार और जामो के जनापुर में शादी समारोह से कई मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दिनेश के गोदाम से छह मोटरसाइकिलें तथा सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के भारी मात्रा में अलग-अलग पुर्जे बरामद किए गए।

Untitled design (60)

पुलिस के अनुसार चारों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उनके पुर्जे अलग-अलग बेचने का काम करते थे। इस संबंध में थाना गौरीगंज, जामो और जायस में पहले से दर्ज मुकदमों में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। अमेठी पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है और चोरी की कई वारदातों का राज भी खुल गया है।

 

ये भी पढ़ें : 
CM योगी ने जनता को दिया भरोसा, बोले- चिंता न करें, हर समस्या का होगा समाधान

संबंधित समाचार