Parliament Monsoon Session Day 5: राज्यसभा में वंदे मातरम् बिल पेश, लोकसभा की कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित, किरण रिजिजू बोले- NEET पर चर्चा जरूरी, देश को सही संदेश जाना चाहिए
मानसून सत्र के पांचवें दिन पेपर लीक मुद्दे पर सरकार बड़ा विधेयक ला सकती है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कायम, जबकि सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार होने का दावा कर रही है।
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र का पांचवां दिन कई अहम राजनीतिक घटनाक्रमों का गवाह बन सकता है। सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक मामलों से जुड़े प्रावधानों को लेकर केंद्र सरकार एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है। हालांकि, प्रस्तावित बिल के विस्तृत प्रावधानों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस विधेयक का अध्ययन करने के बाद इस पर चर्चा में शामिल होने का फैसला ले सकती है। इससे पहले मानसून सत्र के शुरुआती चार दिन विपक्ष के हंगामे और गतिरोध के कारण प्रभावित रहे।
LIVE BLOG: संसद के मानसून सत्र से जुड़े सभी बड़े अपडेट, लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही, सरकार और विपक्ष की रणनीति तथा प्रमुख घटनाक्रम यहां पढ़ें।
लोकसभा की कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित
लोकसभा में विपक्ष के लगातार हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे। अब लोकसभा की अगली बैठक 27 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे होगी।
किरण रिजिजू बोले- NEET पर चर्चा जरूरी, देश को सही संदेश जाना चाहिए
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल से आग्रह किया है कि जब सभी दल NEET मुद्दे पर चर्चा के पक्ष में हैं, तो सदन में बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को भरोसा दे चुके हैं, सोनम वांगचुक भी अपना अनशन समाप्त कर चर्चा की मांग कर चुके हैं। ऐसे में यदि संसद में चर्चा नहीं होती है तो देश में गलत संदेश जाएगा।
https://twitter.com/KirenRijiju/status/2080554887109333259?s=20
शाहनवाज हुसैन का विपक्ष पर निशाना
पटना में भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक और कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार, सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को भी बहस में शामिल होकर अपनी बात रखनी चाहिए।
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने सरकार के संवाद का किया स्वागत
मुंबई में शिवसेना नेता शाइना एनसी ने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि युवाओं ने अपनी बात रखी और सरकार ने संवाद का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि जब किसी मुद्दे पर बातचीत के जरिए कानूनी और दीर्घकालिक समाधान खोजा जाता है, तभी सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों की मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर हमला
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की बातों को गंभीरता से लेने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वयं कोई आंदोलन नहीं किया, बल्कि सोनम वांगचुक के अनशन और उस पर बनी जनभावना का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की।
पवन खेड़ा बोले- युवाओं की नाराजगी केवल बयान से दूर नहीं होगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि देश का युवा किसी गंभीर वजह से सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद केवल बयान देने से युवाओं की नाराजगी या उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
CJP से बातचीत के लिए कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा CJP के प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए संसद भवन से रवाना हुए। जानकारी के अनुसार, वह केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ कंस्टीट्यूशन क्लब में CJP के प्रतिनिधियों सौरव दास और आशुतोष से मुलाकात कर आंदोलन और उससे जुड़ी मांगों पर चर्चा करेंगे।
राज्यसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 20 जुलाई की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दिन हुए लाठीचार्ज से उन्हें गहरा दुख पहुंचा। उनके बयान के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया, जिसके चलते सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र के पांचवें दिन लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे के कारण सदन में व्यवधान पैदा हो गया। लगातार शोर-शराबे के बीच स्पीकर ने कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाना संभव नहीं पाया और सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
खरगे बोले- प्रधानमंत्री संसद में आकर दें बयान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में आकर पेपर लीक मामले पर बयान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर बोलना चाहते हैं तो उन्हें सदन के भीतर आकर अपनी बात रखनी चाहिए। खरगे ने कहा कि संसद सत्र के दौरान देर रात वीडियो संदेश जारी करने के बजाय संसद में जवाब देना अधिक उचित और विश्वसनीय होगा।
https://twitter.com/INCIndia/status/2080525294944022814?s=20
