Hardoi News: गंगा एक्सप्रेस-वे पर महिला परिचालक ने दौड़ाई बस, वीडियो वायरल; जांच के घेरे में हरदोई डिपो
हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की एक बस को गंगा एक्सप्रेस-वे पर महिला परिचालक द्वारा चलाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो हरदोई डिपो की बस का बताया जा रहा है, जो दिल्ली से यात्रियों को लेकर हरदोई लौट रही थी।
वीडियो में महिला परिचालक बस की स्टेयरिंग संभालती हुई नजर आ रही है, जबकि बस चालक परिचालक की सीट पर बैठा दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
चालक की मौजूदगी में परिचालक ने कैसे संभाली स्टेयरिंग?
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है। हरदोई-दिल्ली रूट पर चलने वाली यह बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते हरदोई आ रही थी।
लोगों का सवाल है कि जब बस में चालक मौजूद था तो फिर महिला परिचालक को स्टेयरिंग क्यों थमाई गई। परिवहन निगम के नियमों के अनुसार, बिना वैध अनुमति और पर्याप्त प्रशिक्षण के परिचालक द्वारा बस चलाना नियमों का उल्लंघन माना जाता है।
हरदोई सेक्टर में नहीं है महिला चालक की तैनाती
बताया जा रहा है कि हरदोई सेक्टर में फिलहाल किसी भी महिला चालक की तैनाती नहीं है। ऐसे में महिला परिचालक द्वारा बस चलाने का वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच की बात कही जा रही है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। कई लोगों का कहना है कि बिना अनुमति परिचालक द्वारा बस चलाना यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो सकता है। उन्होंने महिला परिचालक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिवहन निगम ने जांच की बात कही
वीडियो सामने आने के बाद जब परिवहन निगम के अधिकारियों से इस मामले में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने जांच कराए जाने की बात कही। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
Amethi News: बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
