श्रावस्ती में झोपड़ी में घुसा तेंदुआ: वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

श्रावस्ती, अमृत विचार। जिले के सिरसिया क्षेत्र के गुरुवा गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ गांव के किनारे बनी झोपड़ी में घुस गया। सूचना मिलते ही ककरदरी वन क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी ग्रामीण को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार, ककरदरी वन क्षेत्र के शाहपुर कला ग्राम पंचायत के मजरा गुरुवा निवासी मुन्नाराम की झोपड़ी में ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि झोपड़ी में करीब दो वर्ष उम्र की एक मादा तेंदुआ मौजूद है। वनकर्मियों ने जाल की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया।

जंगल में छोड़ा गया

रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने मादा तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकीय जांच में स्वस्थ पाए जाने के बाद उसे बलरामपुर स्थित सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग की सोहेलवा पश्चिमी रेंज में सुरक्षित छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए ने पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी व्यक्ति या पालतू जानवर को नुकसान नहीं पहुंचाया।

ग्रामीणों को दी सलाह

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। लोगों से कहा गया है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, समूह में चलें और अपने साथ टॉर्च, लाठी या मोबाइल की फ्लैशलाइट रखें। अंधेरे या घने रास्तों से गुजरते समय बातचीत करते रहें, ताकि जंगली जानवर इंसानों की मौजूदगी का आभास होने पर रास्ता बदल दें।

वन विभाग ने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पालतू पशुओं को सुरक्षित बाड़े में रखने और किसी भी जंगली जानवर को देखकर उसके पास जाने या छेड़छाड़ करने से बचने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी वन चौकी, वन रेंज कार्यालय या डीएफओ कार्यालय के कंट्रोल रूम को सूचना दें और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें।

ये भी पढ़ें:- बाराबंकी : स्कूल जा रही मासूम की मौत पर फूटा गुस्सा, शव रखकर लगाया जाम

संबंधित समाचार