Lucknow: CM योगी आज करेंगे यूपी राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नए मुख्यालय का उद्घाटन, 200 करोड़ से बना हाईटेक सेंटर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शहीद पथ स्थित नए भवन में 24×7 स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर, डिजिटल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, ऑडिटोरियम, हॉस्टल और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं होंगी उपलब्ध।

लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ के शहीद पथ स्थित डायल-112 मुख्यालय के निकट उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के नए मुख्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे। 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस भवन को अत्याधुनिक आपदा प्रबंधन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

नवनिर्मित मुख्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला आधुनिक राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर) स्थापित किया गया है। इसके अलावा डिजिटल कमांड, कंट्रोल एवं कोऑर्डिनेशन सेंटर, 200 से अधिक क्षमता वाला ऑडिटोरियम, क्लासरूम, लेक्चर हॉल, हॉस्टल और लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण, समन्वय और त्वरित राहत कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

राज्य सरकार का मानना है कि नए मुख्यालय के संचालन से प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने की क्षमता में बढ़ोतरी होगी।

लोकार्पण समारोह में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

यह भी पढ़ेंः IND vs ENG 3rd ODI: आज होगा सीरीज का फैसला, जानें कितने बजे शुरू होगा मैच और कहां देखें FREE Live

संबंधित समाचार